मास्टरमाइंड सतीश पहुंचा बुलंदशहर
बुलंदशहर : एलएम ज्वैलर्स में तीन करोड़ रुपये की डकैती का मास्टरमाइंड सतीश शुक्रवार देर रात हल्द्वानी जेल से बुलंदशहर पहुंच गया। सतीश को फिलहाल सुरक्षा कारणों से स्याना कोतवाली में ही ठहराया गया है। शनिवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
तीन करोड़ की डकैती के मास्टरमाइंड बताए जा रहे सतीश ने हल्द्वानी जेल से अलीगढ़ पेशी पर आने के दौरान बुलंदशहर के एलएम ज्वैलर्स के शोरूम में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस सतीश कभी नहीं पहुंच पाती अगर सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा कैद नहीं होता। बुलंदशहर पुलिस सतीश को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करना चाहती है। इसलिए पुलिस ने दो दिन पहले बुलंदशहर सीजेएम कोर्ट से उसका बी वारंट जारी कराया था। सीजेएम ने सतीश को बीस सितंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया था।
शुक्रवार को भारी सुरक्षा के बीच उत्तराखंड पुलिस सतीश को लेकर बुलंदशहर के लिए रवाना हुई। रात करीब नौ बजे सतीश को लेकर आ रहा पुलिस का काफिला स्याना पहुंचा कोतवाली पहुंचा। इसके बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उत्तराखंड पुलिस ने उसे रात के समय आगे ले जाने से मना कर दिया। सूत्रों के मुताबिक सतीश को स्याना कोतवाली में ही ठहराने की तैयारी चल रही थी।