ग्रामीण महिलाओं को कानून की जानकारी दी
गुलावठी, बुलंदशहर : डा. राममनोहर लोहिया चौबीसा महाविद्यालय मुहाना में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। इसमें बाल कल्याण समिति बुलंदशहर की परामर्शदाता रुचिका सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि के रुप में कहा कि महिलाएं कानून की जानकारी खुद रखें तभी सशक्त होंगी।
नवदीप सामाजिक विकास समिति के बैनर तले महाविद्यालय में 'मीरा दीदी से पूछो' दो दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण महिलाओं को कानून संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही किशोरियों को किशोरावस्था में भटकाव की दिशा से बचकर उत्तम शिक्षा, कैरियर व चरित्र निर्माण की सीख दी गई। विशिष्ट अतिथि के रुप में कालेज प्राचार्य डा. अर्जुन सिसौदिया ने कहा कि अत्याचारों को चुपचाप सहना ही अत्याचारियों के हौसलों को बढ़ाता है। छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को मामूली न समझे बल्कि अपने माता पिता अथवा जरूरत पड़ने पर पुलिस से अवश्य शिकायत करे। डा.संजीव शरण, भूपेंद्र मिश्रा, सुंदरपाल सिंह यादव, आशा यादव, सचिन वर्मा, भास्कर यादव आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर नेहा यादव, पूजा यादव, नीतू गोस्वामी, शैली यादव, हरीश ठाकुर, बिजेंद्र यादव, अनिल यादव के अलावा छात्राएं मौजूद रहीं।