'बसपा शासन में हुआ प्रदेश का चहुंमुखी विकास'
जहांगीराबाद : प्रदेश का चहुंमुखी विकास केवल बहुजन समाज पार्टी के शासनकाल में हुआ है। जनता के सहयोग से आगामी चुनावों में भी पूर्ण बहुमत से बसपा की सरकार सत्ता में आएगी। यह विचार बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में कृषि उत्पादन मंडी समिति मैदान पर आयोजित पिछड़ा वर्ग के विशाल कैडर कैंप को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने व्यक्त किए।
सोमवार को कैंप में मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि दोनों दलों ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया है, जबकि प्रदेश की मुखिया ने अपने सभी रिश्तेदारों को दरकिनार कर केवल एक ही लक्ष्य बनाया है, दबे कुचले और सर्व समाज के गरीब तबके के लोगों को एकजुट कर उनका उत्थान करना। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से कहा कि चुनाव नजदीक है जी जान से जुट जाएं। विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद गंगाचरण राजपूत ने कल्याण सिंह पर जमकर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब चुनाव आते हैं तभी उन्हें बिरादरी के लोग याद आते हैं। गौतमबुद्धनगर के सांसद सुरेन्द्र नागर ने कहा कि गुर्जर समाज को जितना सम्मान बसपा ने दिया है इतना आज तक किसी भी पार्टी ने नहीं दिया। क्षेत्रीय बसपा विधायक चौधरी गजेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में हुए विकास कार्यो के कारण बसपा पूर्व की भांति आगामी विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। अनूपशहर क्षेत्र में वर्तमान समय में रिकार्ड विकास कार्य हुए हैं। सम्मेलन को जोनल कोआर्डिनेटर गोरे लाल जाटव, ऋषि पाल गौतम, योगेन्द्र जाटव, बुलंदशहर लोकसभा प्रभारी बासुदेव बाबा, सदर विधायक हाजी अलीम, खुर्जा विधायक अनिल शर्मा, डिबाई विस क्षेत्र प्रभारी विनोद उपाध्याय, सिकन्दराबाद से प्रत्याशी सलीम अख्तर, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा यादव, हरीश चन्द भाटी, अजित पाल, नाज मोहम्मद, महेन्द्र वाल्मीकि, प्रदीप गुर्जर, आदि ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व क्षेत्रीय विधायक चौधरी गजेन्द्र सिंह ने सम्मेलन में भाग लेने आये सभी नेताओं का माला पहना कर स्वागत किया। अरविंद एंड पार्टी के कलाकारों ने रागिनी सुनाकर खूब मनोरंजन किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र गौतम व संचालन फिरे राम प्रजापति ने किया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर