निकाह के तुरंत बाद तलाक, दूल्हा बंधक बनाया
नहटौर (धामपुर) : नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मिजादपुर काजीपुरा में दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्ह
नहटौर (धामपुर) : नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मिजादपुर काजीपुरा में दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने निकाह के तुरंत बाद ही दुल्हन को तलाक दे दिया। इससे गुस्साए दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बना लिया। घंटों की मशक्कत के बाद दूल्हे पक्ष पर ढाई लाख रुपये का हर्जाना लगाया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मिजादपुर काजीपुरा निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी पित्तनहेड़ी (थाना कोतवाली देहात) निवासी शहाबुद्दीन पुत्र नसीरुद्दीन के साथ तय हुई। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को सुबह दस बजे बरात आनी थी, लेकिन जब शाम तक बरात नहीं आई तो दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए। दोनों पक्षों में वार्ता हुई और देर रात बरात आ गई। निकाह की रस्म पूरी हुई, लेकिन निकाल के बाद दूल्हा दहेज में एक लाख रुपये और कार मांगने लगा। परिजनों ने काफी समझाया-बुझाया, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। एक लाख और कार की जिद पर अड़े दूल्हे ने दुल्हन को तलाक दे दिया। इससे दुल्हन पक्ष में आक्रोश फैल गया और उन्होंने दूल्हा और उसके पिता को बंधक बना लिया। इसके बाद रात में फिर दोनों पक्षों की पंचायत हुई लेकिन मशक्कत के बाद भी सकारात्मक हल नहीं निकल सका। इसके बाद शादी में खर्च हुए साढ़े तीन लाख रुपये का दूल्हे पक्ष पर दंड लगाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी पूरे मामले की जानकारी ली। दोपहर बाद ग्राम प्रधान के नेतृत्व में हुई बैठक के बाद यह निर्णय हुआ कि दूल्हा पक्ष शादी में खर्च हुआ ढाई लाख दुल्हन पक्ष को देगा। इस पर सहमति के बाद दूल्हा व उसके पिता को बंधनमुक्त कर दिया गया। इससे पूर्व दुल्हन के पिता ने थाने में दहेज मांगने की तहरीर दे दी थी। हालांकि समझौते के बाद तहरीर वापस ले ली गई।