कर्मचारियों ने चौथे दिन भी की तालाबंदी
बिजनौर : गन्ना समिति कर्मचारियों ने हक के लिए मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार कर कार्यालय में तालाबंदी
बिजनौर : गन्ना समिति कर्मचारियों ने हक के लिए मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार कर कार्यालय में तालाबंदी की। आंदोलित कर्मचारियों का आरोप था कि अधिकारी अपनी हठधर्मिता के चलते उन्हें ड्यूटी नहीं दे रहे हैं।
यूपी केन यूनियन इंपलाइज फेडरेशन के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह व शाखाध्यक्ष कोमन सिंह की अगुवाई अनेक कर्मचारी मंगलवार को भी गन्ना समिति प्रांगण में एकत्र हुए। उन्होंने कार्य बहिष्कार किया और दफ्तर में तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। आंदोलित कर्मचारी गन्ना समिति सचिवों और व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कर्मचारियों का आरोप था कि न्यायालय व गन्ना आयुक्त के निर्देश के बावजूद समिति सचिव उन्हें ड्यूटी नहीं दे रहे है। यह कोर्ट के आदेश की अवहेलना व उनके रोजगार पर लात मारना है। इन कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से विभाग की ऋण वसूली के लिए डिमांड लिस्ट अभी तक तैयार नहीं हुई, वहीं बकाया गन्ना मूल्य भुगतान में भी देरी हो रही है। धरने पर अशोक कुमार, महावीर सिंह, प्रवीण सिंह, नरेश नवादा, दुष्यंत कुमार, असमवीर सिंह, ऋषिपाल सिंह व सुखवीर सिंह आदि रहे।