लेबर प्वाइंट पर चला पीडब्ल्यूडी का हथौड़ा
चांदपुर (बिजनौर)। दो वर्ष पूर्व मजदूरों के बैठने के लिए बनाए गए लेबर प्वाइंट पर शनिवार को पीडब्ल्यूडी का हथौड़ा चल गया। प्वाइंट को पूरी तरह गिरा दिया गया। इससे लेबर प्वाइंट का निर्माण कराने वाली संस्था में भारी रोष व्याप्त है। संस्था ने अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाया है।
महानगरों व बड़े शहरों के तर्ज पर नगर की संस्था प्रेरणा परिवार ने दो वर्ष पूर्व तहसील के पास स्थित तिराहे पर लेबर प्वाइंट बनवाया था। लेबर प्वाइंट बनवाने का मुख्य उद्देश्य यह था कि मजदूर तबका यहां आराम कर सके। संस्था की इस पहल को खूब सराहा गया। शनिवार सुबह अचानक पीडब्ल्यूडी की टीम ने लेबर प्वाइंट की चाहरदीवारी पर हथौड़े चलवा दिए। कुछ देर में ही लेबर प्वाइंट को पूरी तरह गिरा दिया गया। इस पर संस्था के लोगों ने एसडीएम से मामले से अवगत कराया। संस्था के अध्यक्ष ज्ञान वर्मा ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी अफसरों ने मनमानी कर लेबर प्वाइंट तोड़ा है। उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी।
उधर, एसडीएम राकेश यादव का कहना है कि यह जमीन पीडब्ल्यूडी की है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से संस्था को नोटिस भी भेजा गया, पर उसका कोई जबाव नहीं दिया गया। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।