किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास
हल्दौर (बिजनौर)। कस्बा झालू में तीन युवकों ने एक किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार है।
शुक्रवार को कस्बा झालू निवासी कक्षा आठ में पढ़ने वाली एक किशोरी लापता हो गई थी। परिजनों ने चौकी पर हंगामा भी किया था। देर रात्रि घर लौटी किशोरी ने आपबीती बताई। परिजनों का आरोप है कि देर शाम जब किशोरी घर लौट रही थी तभी कांशीराम कालोनी निवासी लवी वाल्मीकि बाइक लेकर लेकर आया और उसे बाइक से घर छोड़ने का झांसा देकर बैठा लिया। इसके बाद उक्त युवक किशोरी को जंगल में ले गया जहां लवी के मित्र विमल व अंशु भी थे। इसके बाद तीनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए। इस पर आरोपी युवक फरार हो गए। किशोरी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने लवी, विमल व अंशु के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी एसओ बिजेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी लवी व विमल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अंशु की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि मामला अलग-अलग संप्रदाय का होने के कारण कस्बे में तनाव उत्पन्न हो गया था। पहले किशोरी के प्रेमी युवक के साथ जाने की अफवाह भी उड़ी थी। हालांकि पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर