पौधों के रोपण व संरक्षण से ही सुरक्षित होगा पर्यावरण
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : पर्यावरण को संतुलित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पौधरोपण अभिय
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : पर्यावरण को संतुलित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान के तहत पौधों के रोपण का सिलसिला जारी है। गुरुवार को राजकीय हाईस्कूल सनवइया में आयोजित कार्यक्रम में पौधरोपण किया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को पौधों की सुरक्षा व संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। साथ ही पौधों के महत्व की जानकारी दी गई। पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्य डा. हरिश्चंद यादव ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से असंतुलित व प्रदूषित हो रहे पर्यावरण को स्वच्छ व सुरक्षित रखने के लिए अधिकाधिक पौधरोपण आवश्यक है। कहा कि पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने में वृक्षों का अहम योगदान होता है। जिस देश में वनों का प्रतिशत जितना अधिक होगा वहां का पारिस्थितिकी तंत्र उतना अधिक संतुलित होगा। पर्यावरण संतुलन को देखते हुए प्रतिवर्ष वन महोत्सव कार्यक्रम के जरिए पौधरोपण किया जाता है। कहा कि मात्र पौधरोपण से समस्या दूर नहीं होगी बल्कि उसका संरक्षण भी करना होगा। छात्र-छात्राओं को वृक्षों की महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि इसी से हमें जीवन रक्षक दवाएं, ईंधन व अन्य तमाम जरूरत की चीजें प्राप्त होती हैं। छात्र-छात्राओं को पौधरोपण व उसके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। इस दौरान दर्जनों पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर अनिल कुमार पटेल, नितिन, सुनील, शिवम, पंचलाल, अखिलेश यादव, आकाश सहित अन्य थे।