ब्लाक प्रमुख डीघ ने दिया इस्तीफा
ज्ञानपुर (भदोही) : ब्लाक प्रमुख डीघ मनीष मिश्र ने जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सोनकर को इस्तीफा सौंप दिय
ज्ञानपुर (भदोही) : ब्लाक प्रमुख डीघ मनीष मिश्र ने जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सोनकर को इस्तीफा सौंप दिया। औपचारिकता पूरी करते हुए अध्यक्ष ने त्यागपत्र को मंजूर कर शासन को जानकारी दे दी है। इसको लेकर जनपद की सियायत गरमा गई है। लोग इसके कारणों को लेकर तरह- तरह के कयास लगा रहे हैं। विकास खंड डीघ के प्रमुख पद पर वर्ष 2005 से लगातार तीसरी बार काबिज रहे मनीष मिश्र ने पद से इस्तीफा देकर सियासत गर्म कर दिया है। बताते चलें कि बसपा शासन में सुधांशु मिश्र उर्फ विधु को विकास खंड डीघ का ब्लाक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित किया गया था। करीब ढाई वर्ष बाद सत्ता परिवर्तन होते ही उनके खिलाफ क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विरोध करना शुरू कर दिया। सदस्यों द्वारा आरोप लगाया जा रहा था कि प्रमुख पद पर रहते हुए भी ढाई वर्ष में एक भी बैठक नहीं बुलाई गई। एक दर्जन से अधिक सदस्यों ने विधु मिश्र के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए जिलाधिकारी हलफनामा सौंप दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुलाई गई बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विधु मिश्र के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर अपदस्थ कर दिया। पद रिक्त होने के बाद आयोग के निर्देश पर कराए गए चुनाव में मनीष मिश्र तीसरी बार ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हो गए थे। 22 सितम्बर को ब्लाक प्रमुख ने जिला पंचायत अध्यक्ष को त्यागपत्र दे दिया। 24 सितम्बर को जिला पंचायत अध्यक्ष ने उनके इस्तीफा को स्वीकार कर लिया।