भूमि विवाद में युवक को मारी गोली
चौरी (भदोही): भूमि विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या का प्रयास किया गया। मामला थाना क्षेत्र के जगन्
चौरी (भदोही): भूमि विवाद में गोली मारकर युवक की हत्या का प्रयास किया गया। मामला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव का है। पथराव और गोली से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को वाराणसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जीवन मौत से जूझ रहा है। मामले के बाद एक पक्ष घर छोड़कर भाग खड़ा हुआ। उधर, इसे लेकर गांव में तनाव बना हुआ है।
गांव निवासी श्रीप्रकाश मिश्रा व राजेश मिश्रा के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार को विवादित भूमि पर एक पक्ष द्वारा नाली निर्माण कराए जाने का दूसरा पक्ष विरोध कर रहा था। इसी को लेकर बात बढ़ गई। हाथापाई से शुरू हुआ विवाद पथराव तक जा पहुंचा। इस बीच एक पक्ष द्वारा फायरिंग करने से गांव में हड़कंप मच गया।
आरोप है कि इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। इसमें अनुराग उर्फ सनि (19) नामक युवक घायल हो गया। आनन फानन उसे लेकर लोग वाराणसी भागे। कबीरचौरा में प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। उधर देर रात तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका था। इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी सूक्ष्मप्रकाश का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बताया कि पुलिस गांव में गई थी लेकिन दूसरा पक्ष फरार हो गया है।