नो इंट्री जोन में फर्राटा भर रहे भारी वाहन
भदोही: जाम की समस्या से जूझ रही कालीन नगरी के नो इंट्री जोन में भारी वाहनों का धड़ल्ले के साथ प्रवेश कोढ़ में खाज साबित हो रहा है। समस्या से हर रोज रूबरू होने के बावजूद प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा है। जिसके चलतेलोगों को जाम के झाम से दो चार होना पड़ रहा है।
़सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक नगर में नो इंट्री का फरमान लागू है। बावजूद इसके सुविधा शुल्क लेकर बड़े वाहनों को को नगर में प्रवेश करा दिया जाता है। पटरियों पर अतिक्रमण व आड़े तिरछे पार्क वाहनों के चलते जाम की समस्या में वृद्धि हो गई है। विशेषकर दोपहर में स्कूलों की छुंट्टी के समय लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। इस दौरान स्कूल वाहनों में पसीने से तर बतर बच्चे जहां हलकान होते हैं वहीं अन्य वाहन सवारों को भी फजीहत का सामना करना पड़ता है। चिंता की बात तो यह है कि जाम से अधिकारियों के साथ साथ पुलिस भी प्रभावित हो रही है लेकिन रोकथाम की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। जिससे लोगों में व्यापक रोष है।
बताते चलें कि एकमा तिराहे व रजपुरा चौराहे परट्रैफिक पुलिस का अक्सर अभाव देखा जाता है। यही कारण है कि प्रतिबंधित वाहन भी बिना रोक-टोक नगर में प्रवेश कर जाते हैं। हालांकि ड्यूटी होने के बावजूद भी वाहन चालकों पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ता। बताते हैं कि महज 50 रुपए के बदले बड़े वाहनों को नो इंट्री क्षेत्र में प्रवेश दे दिया जाता है। जिसके चलते जाम की समस्या बढ़ जाती है।