मौसम की बेरूखी से किसान हलकान
ज्ञानपुर (भदोही) : मौसम की बेरूखी ने किसानों को रुलाना शुरू कर दिया है। बारिश न होने के साथ चिलचिलाती धूप व उमसभरी गर्मी से सूखती धान की फसल देख किसानों ने उम्मीद छोड़ दी है।
देखा जाय तो पिछले एक पखवारे से अधिक समय से एक बूंद पानी नहीं गिर सका है। इस के साथ ही तेज धूप व भीषण गर्मी के चलते नहर तटवर्ती क्षेत्रों को छोड़ दिया जाय तो जहां सिंचाई के समुचित साधन नहीं हैं वहां धान की फसल सूखने लगी हैं। कड़ी मशक्कत व भारी लागत लगाकर बैठे किसानों को रोना आने लगा है। किसानों का मानना है कि अब फसल मिलना मुश्किल है। उधर कृषि विशेषज्ञ भी मौसम को लेकर चिंता जाहिर करने लगे हैं।
डीम्ड यूनिवर्सिटी नैनी इलाहाबाद के कृषि वैज्ञानिक (विषय वस्तु विशेषज्ञ) डा. मदनसेन सिंह ने बताया कि अब बारिश भी होगी तो भी पैदावार प्रभावित होगा। विशेषकर उन्होंने सिंचाई करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। बताया कि जिनके पास साधन है वह धान फसल की सिंचाई शाम को ही करें ताकि खेत में नमी बनी रहे और पानी लगने न पाए। बताया कि तापमान में वृद्धि से दिन में पानी गर्म हो जाने से फसल गलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में फायदा के बजाय नुकसान हो सकता है।