कटौती को लेकर पावर हाउस में जड़ा ताला
सुरियावां (भदोही) : विद्युत की अघोषित कटौती के विरोध में सोमवार को पाली सब स्टेशन पर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने कर्मचारियों को बाहर निकाल कर पावर हाउस में ताला जड़ दिया।
क्षेत्र में बिजली की हो रही मनमानी कटौती से त्रस्त उपभोक्ताओं का गुस्सा सोमवार को अचानक फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में पाली स्थित पावर हाउस पहुंचे ग्रामीणों ने विद्युतकर्मियों को बाहर निकाल कर कार्यालय में ताला जड़ दिया। इस दौरान जमकर शासन प्रशासन विरोधी नारे लगाए गए। जिससे अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया।
जैसे जैसे देर होती गई वैसे वैसे प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ती गई। देखते ही देखते लोगों ने ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग जाम कर दिया। इस बीच तीखी धूप में घंटों लोग सड़क जमा रहे तथा नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन करते रहे।
उधर आवागमन बाधित होने से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई। जिसके चलते यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बहरहाल दोपहर लगभग दो बजे सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी (ज्ञानपुर) राजेंद्र प्रसाद दूबे व भदोही क्षेत्राधिकारी सूक्ष्म प्रकाश ने लोगों को समझा बुझाक र जाम समाप्त कराया।
प्रदर्शन करने वालों में पवन कुमार दूबे, सुभाष दूबे, शशिकांत, विनय कुमार पांडेय, बाबा पाठक, राजू पांडेय, लल्लू पाठक, सूरज प्रमुख रूप से रहे।
आपूर्ति न होने से किसान परेशान
ज्ञानपुर (भदोही): भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि किसान खाद, बीज की आपूर्ति न होने से किसान परेशान हैं। विद्युत आपूर्ति न होने से रोपाई के बाद धान सूख रहे हैं। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी को सौपा।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार में किसानों की स्थिति दयनीय हो चुकी है। किसान खून के आंसू रो रहे हैं। अघोषित विद्युत कटौती से धान की रोपाई नहीं हो पा रही है। जहां रोपाई हो चुकी है वह सूख रहे हैं। इसके बाद भी प्रदेश की सपा सरकार जिले को सूखा ग्रस्त घोषित नहीं कर रही है।
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने चेताया कि भाजपा किसानों के हक के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। अन्य वक्ताओं ने भी अपनी बात रखी। इस मौके पर ताराशंकर दुबे, नागेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र नाथ पांडेय, नंदलाल मौर्य,रामेश्वर उपाध्याय, विमल मिश्र, मनोज तिवारी, राकेश पाठक, वीरेन्द्र शुक्ल, चंद्रबली दुबे, अनिल मिश्र आदि थे।