लोक अदालत में आठ सौ पीड़ित हुए लाभान्वित
ज्ञानपुर (भदोही): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दीवानी न्यायालय परिसर ज्ञानपुर में रविवार को आयोजित लोक अदालत में आठ सौ पीड़ित लाभान्वित हुए। इस दौरान 545 मामलों का निस्तारण किया गया जबकि एक लाख 71 हजार का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किया गया।
इसके पूर्व लोक अदालत का शुभारंभ प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज अनिरुद्ध सिंह ने किया। जिला जज की अदालत में मोटर दुर्घटना के दो वादों का निस्तारण किया गया। सुलह -समझौते से तीन लाख 50 हजार क्षतिपूर्ति प्रदान की गई। गंगा राम प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय द्वारा भरण-पोषण के तीन वाद एवं वैवाहिक के चार वादों का निस्तारण किया है। सीजेएम अखिलेश कुमार की अदालत में 205, आशीष वर्मा सिविल जज सीनियर डिवीजन ने उत्तराधिकार काएक वाद निस्तारित कर एक लाख 32 हजार का प्रमाणपत्र जारी किया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा आनंद ने 109 मामलों का निस्तारित किया। जेएम सुशील कुमार वर्मा ने आपराधिक के 68, अपर सिविल जज जूनियर डिविजन तृतीय ने सिविल का एक वाद निस्तारित किया। इसी प्रकार एसडीएम भदोही द्वारा अपराधिक 30, एसडीएम ज्ञानपुर 45 एवं एसडीएम औराई द्वारा अपराधिक के 42 वादों का निस्तारण किया। तहसीलदार ज्ञानपुर ने राजस्व के 13, भदोही ने 10, औराई ने चार राजस्व मामलों को निस्तारित किया।