डीजे को लेकर पुलिस व कांवरियों में नोकझोंक
ऊंज (भदोही): सावन माह में डीजे पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसे लेकर सीमा बार्डर पर पुलिस और कांवरियों में नोक-झोक हुई। हालांकि पुलिस ने डीजे को जाने नहीं दिया।
वाहन में डीजे लगाकर कांवरिया जैसे ही इलाहाबाद सीमा समाप्त कर जनपद ऊंज क्षेत्र में प्रवेश किए तो सीमा पर तैनात पीएसी व पुलिस ने कांवरियों का वाहन रोक लिया। वाहन रोकते ही कांवरिये हो हल्ला मचाने लगे। पुलिस ने वाहन से डीजे निकालने को कहा तो उनके तेवर बदल गए। उनका कहना था कि जब इलाहाबाद प्रशासन ने नहीं रोका तो भदोही में क्यों रोका जा रहा है। यह कहते हुए झुंड आगे बढ़ गया। पुलिस कर्मियों ने इसकी जानकारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव को दी। पुलिस से बात करता देख कांवरियों की भीड़ इक्कठा हो गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने कांवरियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अंत में कांवरिया डीजे उतारकर बोलबम का नारा लगाते हुए काशी की ओर चल पड़े।