विद्यालय का हैंडपंप महीनों से खराब, बच्चे परेशान
बस्ती: प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। असुविधाओं के चलते इन विद्यालयों
बस्ती: प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। असुविधाओं के चलते इन विद्यालयों में बच्चों की संख्या लगातार घट रही है। गुरुवार को जागरण टीम ने परशुरामपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों की पड़ताल की। जहां कई समस्याएं सामने आईं। कोहराएं प्राथमिक विद्यालय का मुख्य भवन जर्जर हो चुका है और बच्चे अतिरिक्त कक्ष में पढ़ाई करते मिले। शौचालय साफ-सफाई के अभाव में बदहाल नजर आया। बच्चे खुले में शौच जाते हैं। आज तक इस विद्यालय का विद्युतीकरण नहीं हो सका है। परिसर में गंदगी का अंबार है। प्रधानाध्यापिका जयवंती देवी का कहना है कि सफाई कर्मी के न आने की वजह से शौचालय व परिसर बदहाल है। प्राथमिक विद्यालय नेदुला द्वितीय का इंडिया मार्क हैंडपंप महीनों से खराब है। प्रधानाध्यापक रामललित ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग व अधिकारियों को सूचना दी गई लेकिन इसकी मरम्मत नहीं हुई। यहां 15 वर्ष पूर्व शौचालय तो बना दिया गया लेकिन अभी तक गड्ढे की खोदाई नहीं हुई। जिसके चलते अभी तक बच्चों को शौचालय की सुविधा नही मिल सकी है। खुले में शौच करना पड़ता है। विद्यालय का एकमात्र इंडिया मार्क हैंडपंप खराब है। पानी के लिए बच्चे गांव में जाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी श्यामबिहारी का कहना है कि विद्यालयों में शौचालय के रखरखाव की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की है यदि शौचालय प्रयोग नहीं हो रहा है तो निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी। खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है।