राम जानकी मार्ग निर्माण को लेकर चक्काजाम
बस्ती : दक्षिणी छोर से गुजरे पौराणिक रामजानकी मार्ग कलवारी से लेकर रामपुर तक करीब 15 किमी गड्ढे में
बस्ती : दक्षिणी छोर से गुजरे पौराणिक रामजानकी मार्ग कलवारी से लेकर रामपुर तक करीब 15 किमी गड्ढे में तब्दील हो गया है। नतीजतन मानसून की पहली बारिश में सारे गड्ढे पानी से भर गए हैं। आए दिन दुर्घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। इससे बौखलाए जिभियांव गांव के बाशिंदों के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। घंटों चक्काजाम कर आवागमन अवरुद्ध कर दिया।
यूं तो कैबिनेट मंत्री राज किशोर सिंह की पहल पर जनपद से गुजरने वाले रामजानकी मार्ग के मरम्मत की प्रक्रिया प्रदेश सरकार द्वारा शुरू कर दी गई थी। इसी बीच करीब छह माह पहले सांसद हरीश द्विवेदी की पहल पर पहली बार आए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस मार्ग की पौराणिक महत्ता को देखते हुए महामार्ग घोषित कर दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य छह माह के भीतर शुरू हो जाएगा, लेकिन परिणाम इसके विपरीत रहा। जो कार्यदायी संस्था प्रदेश सरकार के निर्देश पर सड़क मरम्मत का कार्य कर रही थी। वह अगौना तक मरम्मत कराने के बाद काम ठप कर दिया। नतीजन अगौना से लेकर संतकबीरनगर बस्ती की सीमा पर स्थित रामपुर तक जर्जर सड़क का निर्माण नहीं किया जा सका। इस बीच सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे जान लेवा हो गए। कहीं-कहीं तो सड़क इतनी खराब हो गई कि वाहनों की बात अलग है, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
कुदरहा कस्बे के करीब बसे जिभियांव गांव के सामने सड़क पर करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया है। मानसून की पहली बरसात में ही यह गड्ढा पानी और कीचड़ से लबालब भर गया है। नतीजन आने-जाने वाले लोगों को घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रामकरन आर्य सहित कई जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला। अंतत: बौखलाए जिभियां गांव के लोग सूरज यादव, संजय यादव व फैइलवा निवासी उदय शंकर पांडेय के नेतृत्व में सड़क पर उतर कर चक्का जाम कर दिए। इस दौरान ग्रामीणों में क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के राज्य मंत्री को जी भर कोसा। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष महंथ यादव को भी ग्रामीणों ने घेर लिया। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी उप जिलाधिकारी को दी। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने प्रशासन के हवाले आश्वासन दिया कि शाम तक गड्ढा युक्त सड़क की मरम्मत शुरू कर दी जाएगी। तब ग्रामीण किसी तरह माने। अंत में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सुबह तक सड़क पर बने गड्ढों को नहीं भरा गया तो बुधवार को रामजानकी मार्ग पर आवागमन ठप्प कर देंगे।