शिकायत पर नपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, लिया सैम्पल
जागरण संवाददाता, बस्ती : नाला निर्माण में धांधली को लेकर नागरिकों का गुस्सा सोमवार को विरोध में बदल गया। नाराज नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराने को कहा। इसके बाद नपाध्यक्ष ने स्थलीय निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याओं को सुना और निर्माण में प्रयोग हो रही सामग्री का सैम्पल लेकर जांच के लिए भेज दिया।
शहर स्थित गांधी नगर में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा हैं। निर्माण में अनियमितता बरते जाने पर पहले तो स्थानीय नागरिकों ने संबंधित जिम्मेदारों से मानक में सुधार करने की मांग की। लेकिन जब उनके द्वारा कोई सुधार नहीं किया गया तो लोगों ने पालिका प्रशासन से निमार्ण में हस्तक्षेप कर गुणवत्ता सुधारने की मांग की। लोगों की शिकायत पर नगर पालिका अध्यक्ष ने सोमवार को निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नागरिकों ने नाला निर्माण में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। साथ ही नाला निर्माण में प्रयुक्त ईट को उखाड़ कर दिखाया। नागरिकों का कहना है कि मानक विहीन निर्माण होने से पानी निकासी में समस्या तो होगी ही साथ ही हादसा भी हो सकता है।
इस पर निर्माण सामग्री का सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजने को कहा।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर डूडा द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया गया। प्राथमिक तौर पर निर्माण में कमियां उजागर हुई है। निमार्ण में प्रयुक्त सामग्री का सैम्पल लेकर उसे जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।