प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा सड़क पर
जागरण संवाददाता, बस्ती : प्रदेश में व्याप्त अराजकता, भ्रष्टाचार, छिनैती, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न समस्याओं से नाराज भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जुलूस निकाला और राज्यपाल को संबोधित नौ सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।
भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता राजकीय इंटर कालेज से पैदल प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां पर सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि बस्ती जिले की चीनी मिल मालिकों ने किसानों को करोड़ों रुपये दबा रखा हैं। इस धन को अन्यत्र स्थानों पद लगाकर मुनाफा कमाया जा रहा हैं, लेकिन प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर नहीं हैं। यदि ऐसी स्थिति रही तो किसानों की आर्थिक हालत और दयनीय हो जाएगी। जिले के अधिकांश प्रमुख मार्गो की हालत खस्ताहाल हैं। जिले में निर्माण, स्वास्थ्य, परिवहन व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार इसमे सुधार के लिए दिलचस्पी नहीं दिखा रहें हैं।
जिलाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने कहा कि मैनपुरी और सैफई को छोड़ पूरा प्रदेश बिजली संकट से व्याकुल हैं। बावजूद सरकार अपनी जवाबदेही तय करने के बजाय गैरजिम्मेदाराना आचरण प्रकट कर रही हैं। यशकांत सिंह, सुशील सिंह, दयाराम चौधरी, उदयभान, सत्येंद्र शुक्ल जिप्पी, महेश शुक्ल, अभय पाल, ऊषा श्रीवास्तव, तृप्ति गुप्ता, करुण सिंह, गीता शुक्ला, पंकज दूबे, नितेश शर्मा, रिंकू दूबे, ओम प्रकाश ठाकुर, राजेंद्र गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहें।