चीनी मिलें बंद हुईं तो होगा आन्दोलन
जागरण संवाददाता,बस्ती: उत्तर प्रदेश किसान सभा के तत्वावधान में शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया गया। जिसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के साथ ही बस्ती जनपद की चीनी मिलों को मिल प्रबंधन द्वारा बंद किये जाने के कुचक्र पर रोष प्रकट किया गया, तथा गन्ना किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र कराये जाने की मांग की गई।
किसान सभा के जिला संयोजक का0 हरिभवन सिंह ने कहा कि व्यापक विद्युत कटौती, किसानों के बकाया गन्ना मूल्य तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चलते क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति परेशान है। कहा कि जनपद की चीनी मिलों को बंद किये जाने का षडयंत्र किया जा रहा है ऐसे में किसान सभा के कार्यकर्ता चुप नही बैठेंगे, पूरे जनपद में आन्दोलन चलाया जाएगा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव का0 के. के तिवारी ने कहा कि खाद,बीज व कीटनाशक दवाओं को सस्ता किया जाय। किसान अपनी खेती किसानी को लेकर परेशान है। क्षेत्र की सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाय। किसान नेता का0 राम गढ़ी चौधरी ने कहा कि तहसील में बिना सुविधा शुल्क दिये कोई कार्य नहीं हो पा रहा है ऐसे में आम आदमी को न्याय नहीं मिल पा रहा है। मजदूर नेता का0 राज नरायन व राम सिंह ने तहसील क्षेत्र के तेलियाडीह गांव में गरीब दलितों पर चल रहे 115सी के मुकदमें को खारिज कराने की मांग की।
ये रहीं मांगे-
- बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान।
-चीनी मिलों की बंदी की धमकी पर अंकुश लगाया जाय।
-सार्वजनिक वितरण प्रणाली का विस्तार ।
- तेलियाडीह गांव के दलितों को न्याय दिलाया जाय।
-खाद,बीज,कीटनाशक दवाओं की काला बाजारी पर रोक लगायी जाय।
- सरकारी क्रय केंद्रों को बहाल कराया जाय।
- विद्युत आपूर्ति नियमित सुनिश्ििचत करायी जाय।
धरने को का0 राम कुमार गुप्ता, का0 राम करन, का0 मायाराम, का0 जोखई, का0 बिजेंद्र, का0 राम सहाय, का0 केशराम, का0 परशुराम ने भी सम्बोधित किया। इस मौके पर राम प्रकाश, सूर्यपाल, बाबूराम, राम अजोर, कन्नू, घिसियावन, राम यश आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।