अव्यवस्था से आजिज एकजुट हुई रसोइयां
जागरण संवाददाता, बस्ती : मानदेय कटौती, नवीनीकरण समाप्त किए जाने, पूर्व में कार्यरत रसोइया को हटाए जाने, शीतकालीन अवकाश के दौरान मानदेय दिए जाने तथा मानदेय बढ़ोत्तरी सहित अन्य समस्याओं तथा विद्यालयों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं से नाराज मिडडे मील रसोइया कर्मचारी यूनियन ने मंगलवार को बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। धरने के बाद बाहर सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष उर्मिला देवी ने कहा कि रसोइयों से विद्यालय पर भोजन बनवाने के अलावा कुर्सी मेज रखने का काम करवाया जा रहा है। कुछ विद्यालयों पर इंडिया मार्क हैंडपंप खराब होने भोजन बनाने में दुश्वारी हो रही है। कहा कि मांगों का निस्तारण न होने पर अब प्रदेश स्तर पर निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। रसोइया अपने अधिकारों की रक्षा को लेकर हर मंच पर संघर्ष को तैयार है। जिला मंत्री धु्रवचंद्र ने कहा कि रसोइया की स्थिति यह है कि विद्यालय प्रबंधन उनसे परिसर में उगे घास की सफाई करने के लिए मजबूर करता है। सैकड़ों विद्यालयों पर वर्तमान शैक्षिक सत्र में अब तक एक दिन भी मध्यान्ह भोजन का चूल्हा नही जला है। रसोइयों के नवीनीकरण के लिए स्वयं का बच्चा होना, यह घोर अन्याय है। धरने को जिला संयोजक विजय नाथ त्रिपाठी, जिला सचिव कामरेड केके तिवारी, शांति भूषण त्रिपाठी, महंथ मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। रीता देवी, कौशल्या, पूनम तिवारी, विद्यावती देवी, सुमित्रा देवी, विशाला देवी, कमलावती देवी, रेखा देवी, राम निरख, जगमती, चंद्रावती पाठक, रजनी रावत, कुमकुम, रोहणी देवी, सुनीता, संगीता देवी, प्रमिला, प्रभावती, जानकी, जोगिंदर आदि मौजूद रहे।