धूल भरी आंधी से कई पेड़ गिरे, मासूम घायल
जागरण संवाददाता, बस्ती : सुबह खिली धूप के बाद तीन बजे अचानक मौसम बदल गया। बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। धूल व अंधड़ के चलते जहां शहर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर कई पेड़ गिरे, वहीं धूल भरी आंधी ने यात्रा बाधित कर दी। इस घटना में एक मासूम घायल हो गया है, जिसे जिला चिकित्सालय में दाखिल कराया गया हे। करीब घंटा भर तक चली आंधी के बाद हल्की फुल्की बारिश हुई, जिससे धूल उड़ना कम हुयी और लोगो ने राहत की सांस ली।
दोपहर तक तीखी धूप के कारण लोग घरों में दुबके थे। तीन बजे अचानक काले बादल घिरे। मौसम खुशगवार हो गया। अचानक तेज हवा चलने लगी जो धीरे-धीरे धूल भरी आंधी में तब्दील हो गई। सड़क पर भगदड़ मच गई तो कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। धूल भरी आंधी के चलते लोग भागने लगे। आंधी के चलते दुकानों के शटर गिरने लगे। करीब घंटा भर तक अफरा तफरी मची रही। कई छप्पर व दुकानों के होर्डिग आंधी के चलते उड़ गए। गनेशपुर को छोड़ कहीं से किसी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। जबकि गनेशपुर में चाय-पान के छप्पर की दुकान उड़ने से शिवनगर गनेशपुर निवासी आठ वर्षीय अखिलेश पुत्र राम प्रकाश को चोट लगी है। उसे जिला चिकित्सालय में दाखिल करा दिया गया है, जहां उसकी स्थिति चिकित्सको ने सामान्य बताई है।