बदायूं में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, भाई को मरा जान छोड़ गए
पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जबकि उसके भाई को हमलावर मरा जानकर छोड़ गए।
बदायूं(जेएनएन)। पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जबकि उसके भाई को हमलावर मरा जानकर छोड़ गए। वारदात उस वक्त हुई जब दोनों मेला देखकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में परिवार वालों ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर पुलिस को दी है।
थाना उघैती क्षेत्र के गांव कोठा में रहने वाला चमन (26) अपने भाई सुभाष (24) के साथ शुक्रवार देर शाम जरीफनगर इलाके के दानपुर में चल रहा मेला देखने गया था। वहां से देर रात लगभग 11 बजे दोनों वापस लौट रहे थे। रास्ते में विरोधी पक्ष के लोगों ने उन्हें घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। हमले में चमन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुभाष को मरणासन्न हालत में छोड़कर हमलावर फरार हो गए। गांव वालों की सूचना पर पुलिस आधा घंटे बाद पहुंची। घायल को पीएचसी ले गई और वहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। इधर, परिवार वाले भी देर रात मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने गांव के ही लोगों पर रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी गई है। इनमें तीन कोठा के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपित जरीफनगर के सकतपुर गांव का बताया जा रहा है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नामजदों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है। - मुन्नालाल, सीओ सहसवान