नियमों से ऊपर दौड़ी गुवाहाटी एक्सप्रेस
जागरण संवाददाता, बरेली : उत्तर रेलवे की गुवाहाटी एक्सप्रेस नियमों से ऊपर दौड़ रही है, जिसका खमियाजा यात्रियों को चुकाना पड़ रहा है। रेल अफसरों की मनमानी के चलते पैंतीस घंटे लेट चल रही इस ट्रेन को रद नहीं किया गया।
गुवाहाटी-लालगढ़ स्टेशनों के बीच प्रतिदिन 15609/15610 गुवाहाटी एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है। इसमें लालगढ़ से गुवाहाटी जाने 15610 गुवाहाटी एक्सप्रेस बरेली जंक्शन पर दोपहर 01.05 और लालगढ़ से गुवाहाटी आने वाली 15609 सुबह 09.14 बजे आती है। मगर यह पिछले कई दिनों से काफी देरी से चल रही है। इस कारण बरेली ही नहीं हर स्टेशन पर यात्रियों को ठंड में ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। गुवाहाटी से लालगढ़ जाने वाली 15609 गुवाहाटी एक्सप्रेस को शुक्रवार सुबह 09.14 बजे आना था, लेकिन यह ट्रेन शनिवार को पैंतीस घंटे बाद सवा आठ बजे जंक्शन पहुंची। इसके देरी से होने के कारण पीछे से ट्रेन चलाई गई। मगर यह भी पंद्रह घंटे की देरी से दौड़ रही है, जबकि लालगढ़ से गुवाहाटी जाने वाली 15610 गुवाहाटी एक्सप्रेस आठ घंटे बाद आई। इसके अलावा 14603 जनसाधारण एक्सप्रेस पांच घंटे बाद रात पौने आठ बजे पहुंची।
यह है नियम
रेलवे का नियम है कि चौबीस घंटे लेट होने पर ट्रेन को रद कर दिया जाता है। मगर इसको रद नहीं किया गया। ट्रेन रद होने पर रिजर्वेशन वाले यात्रियों की पूरी रकम वापस करनी पड़ती है, तो वहीं यात्रियों के खुद टिकट कैंसिल कराने पर उन्हें पच्चीस फीसदी राशि भी नहीं मिलती। रेल अफसरों ने रिफंड से बचने को यह ट्रेन रद नहीं की।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर