कुदेशिया आरओबी की अड़चने दूर, जल्द दौड़ेंगे वाहन
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर के कुदेशिया क्रॉसिंग रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की अड़चनें दूर हो गई हैं। पूर्वोत्तर रेल मुख्यालय, गोरखपुर से काम शुरू करने को हरी झंडी मिलते ही आरओबी के बीच में गर्डर रखने की कवायद शुरू हो गई। जिसके चलते शुक्रवार को डीआरएम संग-ए-बुनियाद रखेंगे।
कुदेशिया क्रॉसिंग के जाम से लोगों को जल्द निजात मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर), गोरखपुर रेलवे ने आरओबी का निर्माण पूरा करने को हरी झंडी दे दी है। दिसंबर तक आरओबी का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके बाद आरओबी पर वाहन रफ्तार भरने लगेंगे। कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने कुदेशिया क्रॉसिंग पर 735 मीटर लंबे और 07.5 मीटर चौड़े एल शेप आरओबी का निर्माण जुलाई 2013 में शुरू किया था। सेतु निगम ने निर्माण लगभग पूरा कर दिया। लेकिन, रेलवे लाइन के ऊपर का हिस्सा एनईआर को बनाना था। रेल मुख्यालय, गोरखपुर से हरी झंडी न मिलने के चलते यह काम कई महीने से अटका था। मगर इज्जतनगर रेल मंडल अफसरों के प्रयास पर रेल मुख्यालय ने आरओबी के बीच में गर्डर रखने का काम शुरू करने को हरी झंडी दे दी है। इससे गर्डर रखने की कवायद गुरुवार से शुरू कर दी गई है, तो वहीं डीआरएम चंद्र मोहन जिंदल काम समय से पूरा करने के लिए शुक्रवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे संग-ए-बुनियाद रखेंगे। इस मौके पर रेल के साथ-साथ सेतु निगम अफसर भी मौजूद रहेंगे। रेलवे अफसरों ने दो से तीन माह में काम पूरा करने का भरोसा दिलाया है। इसके बाद सेतु निगम मात्र दो माह में काम पूरा कर आरओबी पर वाहनों का संचालन शुरू करा देगा। आरओबी निर्माण को दिसंबर 2014 तक पूरा करने का लक्ष्य था, जो समय से पूरा होने की उम्मीद है।