एक दिन गांवों के नाम
जागरण संवाददाता, बरेली : केंद्र सरकार का उद्देश्य ग्रामीण भारत से नए इंडिया का उदय हो। इसी की पूर्ति
जागरण संवाददाता, बरेली : केंद्र सरकार का उद्देश्य ग्रामीण भारत से नए इंडिया का उदय हो। इसी की पूर्ति के लिए प्रदेश सरकार ने भी जोर झोक दिया है। सोमवार को पूरे देश में मनाए जा रहे राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर इसका शुभारंभ होगा। लखनऊ में प्रदेशभर के तीन हजार प्रधानों को ग्रामीण विकास का खाका समझाया जाएगा। वहीं बरेली में भी यह दिवस मनाया जाएगा। गांवों को किस तरह बेहतर दिशा दी जा सकती है इसके लिए बरेली के 45 प्रधानों को प्रशिक्षण लखनऊ में दिया जाएगा।
बरेली में 1193 ग्राम पंचायतें हैं। इतने ही प्रधान हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार का जोर गांवों पर ज्यादा हुआ तो गांवों के विकास के लिए भी रकम में 20 फीसद तक की बढ़ोतरी हो गई। इसके अलावा सरकार इस दिवस के जरिये ही अनपढ़ प्रधानों को प्रशिक्षण देकर साक्षर करेगी ताकि वह क्षेत्र के विकास के बारे में बेहतर जानकारी हासिल कर विकास करा सकें। संपूर्ण गांव का विकास कैसे हो, यह जिला प्रशासन व पंचायती राज विभाग भी सोमवार को कार्यक्रम के जरिये प्रधानों को बताएगा। इसमें स्वच्छता के टिप्स दिए जाएंगे। गांव को निर्मल बनाने की ओर कदम बढ़ाया जाएगा। डीपीआरओ वीके सिंह कहते हैं कि प्रधान गांवों की रीढ़ हैं। उनके जरिये ही गांव चमकेंगे।