अवैध कब्जेदारों को दो दिन की मोहलत
जागरण संवाददाता, बरेली : टीपी नगर बसाने की कवायद सरकार के बदलते ही तेज हो गई है। जिला प्रशासन व बीडी
जागरण संवाददाता, बरेली : टीपी नगर बसाने की कवायद सरकार के बदलते ही तेज हो गई है। जिला प्रशासन व बीडीए के अधिकारियों ने वहां कब्जा जमाए बैठे मैकेनिकों को दो दिन का समय दिया है। कहा कि खुद ही कब्जा हटा लें। उसके बाद अभियान चलाकर उन्हें हटाया जाएगा। इस चेतावनी के साथ ही ट्रांसपोर्टर्स के लिए टीपी नगर में पानी के लिए कनेक्शन खोल दिए गए हैं। उसके लिए उन्हें आवेदन करने होंगे।
टीपी नगर में 1197 भूखंड हैं। इसमें एक हजार आवंटित हो गए। ट्रांसपोर्टर्स ने भूखंड लिए लेकिन वहां रहना शुरू नहीं किया। इसी प्रक्रिया को जिला प्रशासन व बीडीए आगे बढ़ाने में लगा हुआ है। इसी परिसर में 300 से अधिक अवैध मैकेनिकों ने दुकानें सजा लीं। इन्हें हटाने के लिए चेतावनी जारी की गई है। इनके हटने के बाद यह भूखंड अन्य मैकेनिकों को आवंटित किए जाएंगे। इनका आकार 10 स्क्वॉयर मीटर का होगा। मैकेनिक चाहेंगे तो खुद भी दुकान का निर्माण कर सकते हैं या फिर यहां वह खोखे रख सकते हैं। इनकी दरें दो से चार दिन में बीडीए की ओर से निर्धारित की जाएंगी। साथ ही प्लाटों का साइज भी। रविवार को टीपी नगर में सुलभ शौचालय की मरम्मत का काम शुरू हो गया।
---
टीपी नगर को जल्द ही बसाया जाएगा। इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं। अवैध कब्जेदार खुद नहीं हटे तो अभियान चलाएंगे।
-अपूर्वा दुबे, एसडीएम सदर
---
निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द पूरा हो जाएगा। प्लाटों का आकार मैकेनिकों के लिए निर्धारित किया जाएगा।
-आरके सिंह, सहायक अभियंता, बीडीए