मंत्री के फरमान पर एक्शन में नगर निगम
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के फरमान पर बीडीए ने शहर के डेलापीर तालाब पर ह
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के फरमान पर बीडीए ने शहर के डेलापीर तालाब पर होने निर्माण कार्य को बंद करा दिया। अब नगर निगम तालाब पर कब्जा करने वाले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएगा। इसके लिए सोमवार में याचिका दाखिल की जाएगी। नगर निगम अपना कब्जा कायम रखने के साथ ही माफिया पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसलिए विधि विशेषज्ञों से भी राय ली जा रही है। तालाब की बेशकीमती जमीन पर पहले भी कब्जे की कोशिश की गई थी। उस दौरान सपा की सरकार थी। नगर निगम ने कब्जा नहीं होने दिया। सत्ता परिवर्तन होते ही माफिया ने कब्जा शुरू कर दिया। नगर निगम ने पहले ही दिन काम बंद करा दिया लेकिन बाद में सत्ता का दबाव पड़ने लगा। इसके साथ ही न्यायालय के फैसले के अभिलेख भी दिखाए। इसके बाद मामला दब गया। माफिया ने तालाब पर निर्माण कर कब्जा शुरू कर दिया। यह मामला नगर विकास मंत्री के पहुंचा तो शनिवार को उन्होंने अधिकारियों को माफिया के खिलाफ सख्ती से पेश आने की हिदायत दी, जिसके बाद बीडीए ने कार्रवाई करते निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। हालांकि माफिया अफसरों पर सत्ताधारी पार्टी का दबाव बनाने की कोशिश में जुटा है।
डीएम के निर्देश पर भी अमल नहीं
पीलीभीत बाईपास पर स्थित तुलाशेरपुर के तालाब पर भाजपा नेता ने कब्जा जमा लिया है। यहां कॉलोनी विकसित की जा रही है। इस मामले में तुलाशेरपुर के लोगों ने शिकायत की, लेकिन इसके बाद भी नगर निगम की टीम कब्जा छुड़ाने नहीं पहुंची। इसकी शिकायत डीएम के पास पहुंची तो उन्होंने भी कब्जा छुड़ाने के निर्देश दिए। हालांकि निर्देश पर अमल नहीं हुआ।
मिट्टी से पाटा अक्षर बिहार तालाब
अक्षर विहार तालाब पर काफी समय से कब्जा किया जा रहा है। माफिया हर रात को मिट्टी डालता है। वह निगम अफसरों की मेहरबानी से आधा तालाब पाट चुका है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।