दिन भर खिली रही धूप, सुबह-शाम छूटी कंपकपी
जागरण संवाददाता, बरेली : महीने के दूसरे शनिवार को धूप निकलने से लोगों ने छुट्टियों को आनंद उठाया। सा
जागरण संवाददाता, बरेली : महीने के दूसरे शनिवार को धूप निकलने से लोगों ने छुट्टियों को आनंद उठाया। साथ ही दिन के तापमान में भी उछाल आया। हालांकि सुबह और शाम लोगों की कंपकपी छूटती रही। धूप तेज होने के कारण कई लोग इससे बचते भी दिखे। दोपहर बाद करीब चार बजे बादलों के जमावड़ा लगने से बारिश की संभावना बनीं, लेकिन चल रही हवाओं ने बादलों का रुख मोड़ दिया। शाम को उत्तर पश्चिम से चल रही हवा ने लोगों को गलन का एहसास कराया। शनिवार को तापमान में भी खासा अंतर दिखाई दिया। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेलसियस था, शनिवार को बढ़कर 21.6 डिग्री हो गया। न्यूनतम तापमान शुक्रवार को जहां 4.8 था, शनिवार को घटकर 4.7 डिग्री सेलसियस हो गया।
मौसम विज्ञानी डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि पर्वतों पर हो रही बर्फबारी से शहर में पारा तीन डिग्री सेल्सियस से भी कम पहुंचने की संभावना थी, लेकिन बादलों के जमावड़ा लगने से शहर में लो प्रेशर जोन बन गया और पारे में गिरावट नहीं हो सकी। वेस्टर्न डिस्टर्बेस हावी है जिससे आगामी दिनों में बारिश की संभावना बरकरार है। बताया कि बारिश के बाद शहर में शीतलहर का कहर एक बार फिर हावी होगा। आसमान साफ होने से कोहरा नहीं छाएगा पर गलन बढ़ेगी।