अफसरों ने चलवा दी फलदार पेड़ों पर आरी
सीबीगंज : वन विभाग व उद्यान विभाग की शह पर शुक्रवार को 50 से अधिक आम के फलदार पेड़ों पर आरी चला दी
सीबीगंज : वन विभाग व उद्यान विभाग की शह पर शुक्रवार को 50 से अधिक आम के फलदार पेड़ों पर आरी चला दी गई। लोगों ने शिकायत की तो वन विभाग ने अपने बचाव के लिए कुछ पेड़ों को बचाया।
घुंसा गांव में एक आम के बाग में तीन दिन से आम व कटहल के हरे पेड़ों पर आरी चल रही है। प्रधानजी के नाम से पहचाने जाने वाले इस आम के बाग में पचास से अधिक हरे फलदार वृक्ष राजस्व रिकार्ड में दर्ज हैं। जिन्हें भूस्वामी ने बहेड़ी के एक ठेकेदार को बेच दिया। ठेकेदार ने वन विभाग से साठगांठ करके बीस पेड़ों को काटने का परमिट प्राप्त कर लिया। उसी आधार पर इमरान ठेकेदार ने बाग में कटान शुरू करा दिया। 50 पेड़ों पर आरी चला दी। ग्रामीणों ने इस अवैध बाग कटान की शिकायत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से की। जिस पर पुलिस का कहना है कि वन विभाग से बाकायदा पेड़ कटान का परमिट जारी हुआ है। लोगों ने इसकी शिकायत डीएफओ धर्म सिंह से की तो उन्होंने संबंधित अधिकारी को मौके पर भेजकर कुछ पेड़ बचाकर औपचारिकता पूरी की। साथ ही कटान रुकवा दिया। अब सवाल यह उठता है कि उद्यान विभाग ने फलदार वृक्षों को काटने की एनओसी कैसे जारी कर दी। सूत्रों का कहना है कि इसमें खेल हुआ है। मालूम हो कि इससे पहले सरनिया में भी पेड़ों पर वन विभाग की शह पर ही ठेकेदारों ने आरी चलाई थी।
उद्यान विभाग की एनओसी आने के बाद ही पेड़ काटने को परमिट जारी हुए हैं। कटान रुकवा दिया गया है। आम लदे पेड़ नहीं काटे जा सकते। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- धर्म सिंह, डीएफओ
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। फाइल देखकर बता पाऊंगी।
-- पूजा, जिला उद्यान अधिकारी