दस फीसद ने ही उठाया दस फीसद छूट का लाभ
जागरण संवाददाता, बरेली : संपत्ति कर जमा करने में नगर निगम का दस फीसद छूट का फार्मूला महज दस फीसद लोग
जागरण संवाददाता, बरेली : संपत्ति कर जमा करने में नगर निगम का दस फीसद छूट का फार्मूला महज दस फीसद लोगों पर ही फिट बैठा। सोमवार को छूट के साथ कर जमा करने का अंतिम मौका है और अबतक डेढ़ लाख में से महज पंद्रह हजार ने ही अपना कर जमा किया है। 90 फीसद ने निगम की योजना से मुंह मोड़ लिया। हालांकि नगर निगम के लिए यह भी किसी उपलब्धि से कम नहीं कि 70 करोड़ के लक्ष्य में से करीब पंद्रह करोड़ रुपये अबतक वसूला जा चुका है। अब एक सितंबर से 31 दिसंबर तक नगर निगम फिर से एक मुहिम चलाएगा जिसके तहत पांच फीसद छूट के साथ कर जमा किया जा सकता है। हालांकि पुराना बकाया कर जमा करने में लोगों ने उत्साह नहीं दिखाया। करीब ढ़ाई करोड़ रुपये नगर निगम का बकाया अब भी लंबित पड़ा है। नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव ने बताया कि ऑनलाइन होने से तेजी से कर जमा हुआ है। उम्मीद है कि इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम अपना 70 करोड़ का टारगेट पूरा कर लेगा।
स्मार्ट बनना है तो निभाओ जिम्मेदारी
अगर शहर को स्मार्ट बनाने में सभी को अपना योगदान देना है तो ईमानदारी से अपना दायित्व भी निभाना होगा। चाहें वो अपने क्षेत्र को साफ सुथरा रखने की बात हो या फिर संपत्ति कर जमा करने की। नगर निगम का करीब ढ़ाई सौ करोड़ रुपये संपत्ति कर बकाया है, अगर शहर को स्मार्ट बनाने में अपना योगदान देना है तो यहीं से ही शुरूआत करनी होगी। नगर निगम प्रशासन भी कह चुका है कि अगर सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो शहर में विकास भी तेजी से होगा। महापौर डॉ. आइएस तोमर पहले ही कह चुके हैं कि अगर नगर निगम के पास बजट होगा तो मुहल्लों में सड़कें भी बनेंगी और नालियां भी। लेकिन इसके लिए सभी को प्रयास करना होगा।