साल भर में तीन बार टेंडर, नहीं बनी सड़क
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर निगम अफसरों के भी क्या कहने। मलूकपुर की पांच गलियों का साल भर में तीसरी
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर निगम अफसरों के भी क्या कहने। मलूकपुर की पांच गलियों का साल भर में तीसरी बार टेंडर करा दिया, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ। समस्याएं गिनाते हुए पार्षद ने नगर आयुक्त से शिकायत की।
शहर के वार्ड 30 मलूकपुर में सुभाष वाटिका के पास पांच गलियों की हालत दयनीय है। पतली होने के साथ ही यहां नालियां भी टूटी हुई हैं। कारण गलियों में ही गंदा पानी बहता है। करीब एक साल पहले स्थानीय पार्षद रीना गुप्ता ने नाली और सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव लगाया था। उस वक्त नगर निगम ने यहां की पांचों गलियों के लिए करीब छह लाख रुपये का टेंडर किया लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। इधर करीब पांच महीने पहले नगर निगम ने इन्हीं गलियों का दोबारा टेंडर कर दिया। हालांकि वह टेंडर भी उसी एस्टीमेट का था। इसके बाद भी सड़कों का निर्माण नहीं किया गया। करीब दस दिन पहले नगर निगम ने इनमें से एक गली का करीब एक लाख रुपये का टेंडर कर दिया है। जानकारी होने पर पार्षद रीना गुप्ता ने नगर आयुक्त से शिकायत की। लोगों की समस्याओं को बताते हुए जल्द सड़क निर्माण शुरू करवाने की मांग की। नगर आयुक्त ने जांच कर जल्द निर्माण शुरू करवाने का आश्वासन दिया।