युवती से पिटने पर चलती ट्रेन से कूदे युवक
जागरण संवाददाता, बरेली : पीलीभीत पैसेंजर में बीए की छात्रा ने मनचलों की जमकर धुनाई की। यात्रियों ने
जागरण संवाददाता, बरेली : पीलीभीत पैसेंजर में बीए की छात्रा ने मनचलों की जमकर धुनाई की। यात्रियों ने भी छात्रा की मदद की। जिसके चलते दोनों युवकों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इससे वह मामूली रूप से घायल भी हो गए।
शहर के एक शिक्षण संस्थान से गुरुवार दोपहर परीक्षा देकर एक छात्रा अपने घर सेंथल लौट रही थी। वह इज्जतनगर स्टेशन से पीलीभीत जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सवार हो गई। कोच में सवार दो युवक बीए की छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगे। छात्रा ने पहले मनचलों का विरोध कर नाराजगी जताई लेकिन वह नहीं माने। इससे खफा छात्रा ने भोजीपुरा स्टेशन से ट्रेन चलते ही एक युवक की गिरेहबान पकड़ ली। यात्रियों से मदद की गुहार लगाई। उनके सामने मनचलों की करतूत रखी। यात्रियों ने उसका सहयोग किया। छात्रा ने यात्रियों की मदद से मनचलों की जमकर धुनाई की। पिटाई से दोनों में युवक दहशत में आ गए। भोजीपुरा-अटामांडा स्टेशन के बीच जब ट्रेन धीमी हुई तो वह कूद गए। इस चक्कर में उन्हें भी लगी। गंभीर हालत में ही फरार हो गए। नगर पंचायत सेंथल निवासी छात्रा ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। छात्रा के परिजनों ने पूरा मामला जीआरपी को बताया। पुलिस ने आरोपियों को तलाश कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कागजों में ही महिला सुरक्षा
ट्रेनों में महिलाएं सुरक्षित सफर करें। इसके लिए हेल्पलाइन समेत तमाम प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन बरेली-पीलीभीत की ट्रेनों में स्क्वायड भी नहीं है। इसके साथ ही कोई हेल्पलाइन भी काम नहीं करती। इसलिए मनचलों के हौसले बुलंद हैं। छात्राओं से अक्सर छेड़छाड़ की शिकायत आती हैं। वहीं यात्रियों से लूटमार में भी कई लोगों की जान जा चुकी हैं।