निगम में कुंडली जमाए बाबुओं के होंगे तबादले
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर निगम में वर्षो से एक ही सीट पर काबिज 73 बाबुओं को दूसरे जिलों में भेजा
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर निगम में वर्षो से एक ही सीट पर काबिज 73 बाबुओं को दूसरे जिलों में भेजा जाएगा। इसके लिए विधानसभा में संशोधन विधेयक पारित हो चुका है। यह विधेयक पारित होने के बाद से नगर निकायों में तैनात बाबुओं में खलबली मच गई है। आसार हैं कि जल्द ही तबादले की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।
दरअसल नगर निकाय में भर्ती हुए बाबुओं के तबादले नहीं होते थे। जिस जिले में भर्ती हुए, वहीं पर नौकरी करते हुए रिटायर हो गए। यही नहीं वह एक ही पटल पर लंबे समय तक रहते थे। इससे विभाग को फायदा कम और नुकसान ज्यादा होता था। चूंकि वह क्षेत्रीय होने के कारण कई मामलों में अधिकारियों पर भी भारी पड़ते थे। इसलिए वह मनमानी भी करते हैं। नगर निगम के अधिकारी भी मानते हैं कि बाबुओं के चलते सालों से हाउस टैक्स वसूली कम हो रही थी। आरोप लगाया कि पैसे लेकर लोगों के टैक्स कम कर देते थे। इसलिए निगम की आय कम होती थी। अधिकारी तो चाहते हैं कि बाबुओं का तबादला हो लेकिन बाबू जिला छोड़ने को तैयार नहीं हैं। विधानसभा में संशोधन विधेयक पारित होने के बाद नगर निगम के बाबुओं में निराशा है। नगर निगम में प्रथम श्रेणी के 19 विधेयक और द्वितीय श्रेणी के 54 बाबू हैं। वह नहीं चाहते कि तबादला हो। कर्मचारी नेता इसके खिलाफ आंदोलन करने की भी रणनीति बनाने लगे है। चूंकि अभी विधानसभा में संशोधन विधेयक पारित हुआ है और तबादले की गाइड लाइन स्पष्ट नहीं है। तबादला आदेश के आने के बाद कर्मचारी इसके खिलाफ आंदोलन कर सकते हैं।
-शासन से ऐसा बदलाव किया गया है तो बेहतर ही होगा। फिलहाल अभी तक कोई आदेश नहीं आया है। आदेश आने के बाद तबादले किए जाएंगे।
- शीलधर यादव, नगर आयुक्त