Move to Jagran APP

इस बार बिल्कुल सही लगाया गया है टैक्स

जागरण संवाददाता, बरेली : दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में बुधवार को नगर आयुक्त शीलधर यादव

By Edited By: Published: Wed, 25 Mar 2015 11:43 PM (IST)Updated: Wed, 25 Mar 2015 11:43 PM (IST)
इस बार बिल्कुल सही लगाया गया है टैक्स

जागरण संवाददाता, बरेली : दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में बुधवार को नगर आयुक्त शीलधर यादव ने शहरवासियों के सवालों का जवाब दिया। दोपहर एक घंटे के दौरान लोगों ने हाउस टैक्स, साफ सफाई, सड़कों के निर्माण और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं बताई। नगर आयुक्त ने कहा कि जल्द ही उनकी समस्याएं दूर की जाएगी। उन्होंने लोगों की टैक्स के प्रति भ्रांतियां दूर की। उन्होंने बताया कि टैक्स लगाने का एक फार्मला है। उसी के आधार पर सभी का टैक्स लगाया है। वह फार्मूला निगम की वेबसाइट पर है और लोग नगर निगम दफ्तर से भी ले सकते हैं। चूंकि पहले टैक्स गलत लगे थे। अब सर्वे के बाद वास्तविक स्थिति साफ हुई और टैक्स लगा तो लोगों को अधिक लग रहा है। सर्वे करने से पता चला कि निगम क्षेत्र में सवा लाख घर हैं। जबकि पहले 80 हजार घर ही हाउस टैक्स के दायरे में थे। अधिकतर कामर्शियल भवनों वाले लोग घरेलू दर पर टैक्स दे रहे थे। अब उन पर पांच गुना टैक्स लगा है तो विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सत्र में टैक्स जमा करने देंगे तो ठीक है अन्यथा अगले सत्र में 12 प्रतिशत ब्याज लग जाएगा।

loksabha election banner

सवाल : हमारा हाउस टैक्स कई गुना बढ़ा दिया गया है। यह किस हिसाब से किया गया है इसमें ट्रांसपरेंसी लाई जाए। - डीके जौहरी, बड़ा बाजार और जगदीश बंसल, इज्जतनगर

जवाब : टैक्स नहीं बढ़ाया गया है बल्कि उचित लगाया गया है। पहले गड़बड़ किया गया था उसे अब सही किया गया है। जो रेट निर्धारित है उस हिसाब से आप खुद ही उसकी गणना कर सकते है। जिस आधार पर टैक्स लगाया गया है उसकी कापी निगम की वेबसाइट पर है और दफ्तर से भी आप ले सकते हैं।

सवाल : क्या टैक्स जमा करने की डेट बढ़ सकती है। - विजय कुमार, राजेंद्र नगर

जवाब : यह सत्र 31 मार्च तक का है। इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। 31 मार्च के बाद टैक्स जमा करने पर 12 फीसद ब्याज लग जाएगा।

सवाल : मै निगम की वाटर सप्लाई इस्तेमाल नहीं करता हूं फिर भी मेरे बिल में वाटर टैक्स जोड़ा गया है। वहीं इस क्षेत्र में सफाई ठीक से नहीं हो रही है। - इकबाल अहमद, प्रगति नगर

जवाब : अगर आपके घर से सौ मीटर की दूरी पर पाइप लाइन है तो आपसे पानी का बिल वसूला जाएगा। आप उसे इस्तेमाल करें या न करें। अगर आपके क्षेत्र में पाइप लाइन नहीं है तो जल कर लगेगा लेकिन जल मूल्य नहीं लगेगा। सफाई व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।

सवाल : पहले की अपेक्षा पांच से दस गुना टैक्स बढ़ा दिया गया है। यह कैसे ठीक होगा। - रवींद्र सक्सेना, हरपाल सिंह चौहान, राजेंद्र नगर,

जवाब : अब कामर्शियल टैक्स पांच गुना कर दिया गया है। अगर अब तक दुकान का हाउस टैक्स आवासीय में भरते रहे होंगे तो अब पांच गुना हो गया होगा। अगर ऐसा नहीं है तो आप आफिस में आए संशोधन हो जाएगा।

सवाल : साल भर स्ट्रीट लाइट खराब है। - अनमोल, बजरिया पूरनमल

जवाब : अब उसे ठीक करा दिया जाएगा। वहां के लाइटें जर्जर हो गई हैं। उसे बदला जाएगा।

सवाल : सैलानी में रोड की सफाई नहीं हो रही है। सफाई कर्मचारी नहीं आता है। सफाई नायक से शिकायत की तो उन्होंने अनसुना कर दिया। - वसीम, सैलानी

जवाब : कल ही वहां सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई नायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सवाल : पार्षद विकास कार्य में भेदभाव कर रहे हैं। गलियों को नहीं बनवाया जा रहा है। सफाई भी नहीं हो रही है - मिश्रीलाल साहू, मथुरापुर

जवाब : जिन सड़कों का निर्माण नहीं हुआ। उसके बारें मे लिखकर दे दें। बजट आते ही बनवा दिया जाएगा।

सवाल : बिहारीपुर में सफाई नहीं हो रही है। - मोहित टंडन, बिहारीपुर

जवाब : जल्द ही करवा दी जाएगी।

सवाल : पांच साल पहले मकान के नाम परिवर्तन का आवेदन किया था वह अब तक नहीं हुआ। अब मेरे और पिता दोनों के नाम से बिल आ गया है। - मोहन लाल, शाहदाना

जवाब : अगर ऐसा है तो गड़बड़ है। आफिस में एक अप्लीकेशन लिखकर लाएं, इसे ठीक कराया जाएगा।

सवाल : यहां पर नया ओवरहेड टैंक बना है फिर भी पानी सप्लाई दूर नहीं हो रही है। - सीमा आरोड़ा, वीर सावरकरनगर

जवाब : ओवरहेड टैंक हाल ही में बना है इसलिए दिक्कते हो रही है। कर्मचारी लगे हैं जल्दी ही समस्या दूर हो जाएगी।

सवाल : नालों की सफाई नहीं हो रही है। - अजय सक्सेना, मढ़ीनाथ

जवाब : नालों की सफाई कराई जा रही है। कल ही वहां कर्मचारी भेजकर सफाई कराई जाएगी।

सवाल : कुतुबखाना से चौपला तक की रोड बहुत खराब है। इससे बनवा दीजिए। - विनोद कश्यप, कुतुबखाना

जवाब : उस रोड को पीडब्ल्यूडी बनाएगी। उसका चौड़ीकरण भी किया जाना है।

सवाल : अब तक हाउस टैक्स के बिल नहीं मिले हैं। - केके तिवारी, बानखाना

जवाब : अब बिल का इंतजार न करें। आप आफिस से बिल लेकर जमा कर दें।

सवाल : तुलाशेरपुर की गलियों में खड़ंजा नही बना है। - जगपाल सिंह, तुलाशेरपुर

जवाब : अगले सत्र में प्राथमिकता में नाली खड़ंजे बनाएं जाएंगे।

सवाल : हार्टमैन से बाइपास तक की रोड बहुत खराब है। शकील, हार्टमैन

जवाब : इसे टेकअप किया जा रहा है। अगले सत्र इस रोड को बनवाया जाएगा।

कैसे लगा है टैक्स

अगर आपका मकान 100 गज में है। इसका मतलब 900 वर्ग फिट में आपका घर है। इसमें 20 फीसद छोड़ दिया जाता है। 80 फीसद कार्पेट एरिया मानते हुए अर्थात 720 वर्ग फिट में टैक्स लगाया जाता है। अगर आपके क्षेत्र का मूल्य एक रुपये वर्ग फिट प्रति महीने है तो 720 गुणे 12 गुणे एक मतलब 8640 रुपये। इसके बाद अगर मकान 10 साल पुराना है तो 25 फीसद की छूट दी जाएगी। यह छूट देने के बाद घर की एनुअल रेंटल वैल्यू (एआरवी) बनी 6480 रुपये। इस एआरवी पर 10 फीसद हाउस टैक्स, 9.5 फीसद वाटर टैक्स और 2.5 सीवर टैक्स लगेगा। अर्थात आपका टैक्स होगा 1426 रुपये सलाना।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.