बसपा विधायक की अर्जी पर प्रधान के खिलाफ जांच
जागरण संवाददाता, बरेली: अब विधायक ग्राम प्रधानों के खिलाफ जांच के लिए शासन तक पैरवी करने लगे हैं। ता
जागरण संवाददाता, बरेली: अब विधायक ग्राम प्रधानों के खिलाफ जांच के लिए शासन तक पैरवी करने लगे हैं। ताजा मामला बसपा के मीरगंज विधायक सुल्तान बेग का है। उनकी शिकायत पर चनेहटा की महिला प्रधान पर अब शासन से जांच की आंच आ गई है।
बसपा विधायक ने बीते 23 जनवरी को अपने लेटर पैड पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को महिला प्रधान व पति पर गबन करने की शिकायत की थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए शासन के अनुसचिव उमाकांत पाठक ने विधायक के शिकायती लेटर पैड की प्रति जिलाधिकारी को भेजते हुए जांच कर कार्रवाई को कहा है।
प्रधान के खिलाफ आरोप
विधायक सुल्तान बेग ने महिला प्रधान, पति व एक अन्य व्यक्ति पर मनरेगा, राज्य वित्त आदि योजनाओं में लाखों का गबन करने का आरोप लगाया है। कहा है कि उन्होंने ग्राम समाज की 16.47 हेक्टेयर जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। साथ ही गांव के यूकेलिप्टस आदि पौधों को बेचने पर प्राप्त 14 लाख 33 हजार की धनराशि को ही प्रधान व पति ने हड़प लिया। जबकि इसे ग्राम पंचायत के खाते में जमा होना चाहिए। इसके अलावा नाला, नाली और खडंजा निर्माण को लेकर भी वित्तीय अनियमितता बरती गई है। लिहाजा प्रधान के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई होनी जरूरी है।