पॉलीथिन के खात्मे को बनने लगा माहौल
- उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि संगठन ने जारी किया जागरुकता पत्र जागरण संवाददाता, बरेली: शहर में प
- उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि संगठन ने जारी किया जागरुकता पत्र
जागरण संवाददाता, बरेली: शहर में पॉलीथिन के खिलाफ माहौल बनने लगा है। स्मार्ट सिटी का सपना संजोने वाले लोग इसके लिए पॉलीथिन के खात्मे के लिए तत्पर है। वार्डो में इसकी कमान नगर आयुक्त ने संभाली है। वह सफाई अभियान के साथ ही लोगों को पॉलीथिन के प्रति भी सचेत कर रहे हैं। व्यापारिक संगठन भी इसके लिए लगातार पहल कर रहे हैं।
शहर में शनिवार को दैनिक जागरण और नगर निगम का संयुक्त सफाई अभियान चक महमूद में चला। यहां नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव ने शेकू की दुकान के बाहर पॉलीथिन का ढेर लगा देखा, तो नाराजगी जाहिर की। दुकानदार को बुलाकर तत्काल हटाने को कहा। शेकू ने जलाने की बात कही, तो बोले जलाना नहीं है। आप इसे हटाए और दुकान में रखी पॉलीथिन भी हटाए। इसके बाद उन्होंने सब्जी विक्रेता मोहम्मद शफीक और कचौड़ी वाले जुनैद से भी पॉलीथिन नहीं रखने को कहा। तत्काल दोनों की दुकानों से इसे हटवाया। उन्होंने कहाकि एक दिसंबर के बाद पॉलीथिन मिली, तो यह जब्त करने के साथ ही चालान भी काटा जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने मीरा की पैठ में एक पॉलीथिन विक्रेता को इस शर्त पर छोड़ा था कि वह विकल्प बेचेंगे।
166 एसोसिएशन को जारी किया जागरूकता पत्र
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के युवा प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता ने शनिवार को जागरूकता पत्र जारी किया। यह संगठन से जुड़ी जिले की 166 एसोसिएशन को जारी किया गया है, जिसमें उनसे एक दिसंबर से पॉलीथिन का प्रयोग पूर्णतया प्रतिबंधित करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि यह पहल दैनिक जागरण की स्मार्ट सिटी और स्मार्ट सिटीजन मुहिम के तहत की गई है, जिससे शहर ही नहीं जिले में भी इसका प्रयोग प्रतिबंधित हो सके।