कब्रिस्तान के प्रस्ताव पर कैंट विधायक को आपत्ति
जागरण संवाददाता, बरेली: नगर निगम में बोर्ड की बैठक 20 सितंबर को होगी। इसका एजेंडा बंटने के साथ ही माहौल गर्मा गया है। एजेंडे में प्रस्ताव संख्या नौ पर हरूनगला में कब्रिस्तान के लिए भूमि स्वीकृत होनी है। इस पर कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह आबादी के बीच बनाया जा रहा है। इसके अलावा यहां पहले से ही दो अन्य कब्रिस्तान बने हुए हैं। ऐसे में तीसरा कब्रिस्तान बनाने से विवाद की स्थिति बनेगी, जबकि हरूनगला पहले ही संवेदनशील है।
शाम को प्रेसवार्ता कर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की निर्णय क्षमता पर सवाल उठाए। कहा कि इससे पहले श्रावण माह में इन अधिकारियों ने गलियारों का बंटवारा कर दिया। अब नगर विकास मंत्री के पत्र पर नगर निगम को हरुनगला में नया कब्रिस्तान बनाने का प्रस्ताव भेजा है। इसकी मांग फाईक, खुशबू और सर सैय्यद एक्लेब के लोगों ने की है। इसके लिए उन्होंने कॉलोनियों में रहने वाले दस हजार मुस्लिम समाज के लोगों का हवाला दिया गया है। इस पर नगर निगम के अधिकारियों ने भी प्रस्ताव बनाकर बोर्ड की बैठक में लगा दिया है। इसमें खसरा नंबर 779 को इसके लिए चिंहित किया गया है। कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि हरुनगला में गाटा संख्या 270 और 453 पर पहले से ही कब्रिस्तान हैं। ऐसे में यह तीसरा कब्रिस्तान बनाना पूर्णत: अनुचित है, क्योंकि सड़क पार ही एजाज नगर गौटिया में एक बड़ा कब्रिस्तान भी है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव रखा जाना नगर निगम अधिनियम 1959 और इसके अधीन बनी नियमावलियों, उपविधियों, विनियमों के वर्णित उपबंधों और उपनियमों का उल्लघंन है। इनका हवाला देते हुए उन्होंने कमिश्नर और डीएम को भी पत्र लिखे जाने की बात कही है। इससे इस मामले में उचित कार्रवाई हो सके।