मजदूर बस्तियों से हटाई जाएं शराब की दुकानें
जागरण संवाददाता, बरेली: मजदूर मंडल और खेत मजदूर यूनियन ने गंगापुर चौराहे पर आम सभा कर मजदूर बस्तियों से शराब की दुकानें हटाने की मांग की। साथ ही मजदूरों का आर्थिक उत्पीड़न करने वाले सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
दोनों यूनियन ने संयुक्त रूप से गंगापुर चौराहे पर नशा विरोधी आम सभा का आयोजन किया। सभा में मौजूद मजदूरों को नशा खोरी छोड़ने के लिए प्रेरित करते हुए मजदूर मंडल के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राना ने कहा कि मजदूर बस्तियों में साजिशन शराब की भंिट्टयां खोली गई हैं, ताकि मजदूर दिन भर की पूरी कमाई शाम होते ही यहां लौटा जाएं। कहीं किसी पॉश कॉलोनी में शराब खोलने की सरकार की हिम्मत क्यों नहीं होती। खेत मजदूर यूनियन के जिला मंत्री राजीव शांत ने कहा कि मजदूरों को नशे का आदी बनाने के साथ ही उन्हें सूदखोरों के चंगुल में फंसा दिया जाता है। एक रुपये कर्ज चुकाते-चुकाते पीढि़या गुजर जाती हैं, लेकिन कर्ज खत्म नहीं होता। उन्होंने सूदखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर मजदूरों को उनके चंगुल से मुक्त कराने की मांग की।
सभा में सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल शर्मा, यूपीबीईयू के संजय मेहरा, अनिल पटेल, वेद प्रकाश वाल्मीकि, श्याम सुंदर, कमल हसन, करिश्मा, विजेंद्र पटेल, मक्खन लाल और प्यारे लाल लोधी समेत बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे।