कांठ प्रकरण पर जमकर बरसे भाजपाई
जागरण संवाददाता, बरेली : मुरादाबाद के कांठ प्रकरण पर शनिवार को शहर में हुए धरने में भाजपाई जमकर बरसे। उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों से सपा सरकार बौखला गई है, इसलिए भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता के उत्पीड़न पर आमादा है, इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी, जब तक कांठ एसपी के खिलाफ एफआइआर नहीं होगी, पार्टी का विरोध आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर भाजपा का धरना चौकी चौराहा स्थित श्री दामोदर स्वरूप सेठ पार्क पर हुआ। इसमें आंवला विधायक धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी सपा एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। इससे सूबे में उन्माद के हालात बन रहे हैं। वीरेन्द्र गंगवार ने कहा कि कांठ प्रकरण इसका उदाहरण है, जिला प्रशासन के कार्य को सूबे की सरकार संरक्षण दे रही है। उससे यह लोकतंत्र के इतिहास का काला पन्ना बन चुकी है। जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि पार्टी का आदोलन कांठ एसपी पर एफआइआर के बाद ही बंद होगा।
गुलशन आनंद ने कहा कि वर्ग विशेष के प्रेम में अंधी सूबे की सरकार पूरी तरह तुष्टिकरण पर उतर चुकी है। पूर्व मंत्री बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि इसके चलते वह आम जनता के उत्पीड़न से भी बाज नहीं आ रही है। डॉ.श्याम बिहारी लाल, महानगर अध्यक्ष पुष्पेन्दु शर्मा, मनोज थपलियाल, तेजेश्वरी सिंह, अधीर सक्सेना ने कांठ प्रकरण की निंदा की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम सिटी आरपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले पूरे रास्ते प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने में की शिरकत
इसमें धर्मेन्द्र त्रिपाठी, आदेश प्रताप सिंह, सुधीश पांडे, कमल चतुर्वेदी, डॉ. एमपी आर्य, परेश मिश्रा, नन्हें लाल गंगवार, देवेन्द्र अग्रवाल, ब्रजेश मिश्रा, हरबंस सिंह, सतीश शर्मा, राजन सक्सेना, शिवलोचन उपाध्याय, श्वेत सक्सेना, एमएल मौर्या, राजा सेठी, श्याम रस्तोगी, संजीव सक्सेना, हरवेंद्र यादव, पवन अरोरा, हरिओम राठौर, प्रत्येष पाण्डेय, धर्मविजय गंगवार, शिव गौतम, संजीव वर्मा आदि मौजूद रहे।