नहीं टूटा पुनिया के मत प्रतिशत का रिकार्ड
बाराबंकी: नवनिर्वाचित सांसद प्रियंका सिंह रावत ने भले ही 2 लाख 11 हजार 878 रिकार्ड मतों से विजय दर्ज करायी है। लेकिन पूर्व सांसद पीएल पुनिया के जीते रिकार्ड प्रतिशत को नहीं छू सकी। 2009 लोकसभा चुनाव में पीएल पुनिया ने 44.18 प्रतिशत मत पाए थे। जबकि 2014 में प्रियंका के जीत का प्रतिशत 42.87 है।
लोकसभा 1998 चुनाव के बाद 2014 में भाजपा ने न केवल जीत हासिल की है, बल्कि जीत के अंतराल का इतिहास भी रच दिया। 64.16 प्रतिशत मतदान में कुल 10,59,442 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। इसमें से 42.87 प्रतिशत कुल 4,54,214 मत प्रियंका की झोली में डाले गए। जबकि लोकसभा 2009 में हुए चुनाव में 52.29 प्रतिशत मतदान में 7,43,428 लोगों ने मत का प्रयोग किया था। इसमें पीएल पुनिया को 3,28,418 मत प्राप्त हुए जोकि कुल 44.18 प्रतिशत है। पुनिया की जीत का अंतराल 1,67, 913 था।
6.41 से 42.87 प्रतिशत की छलांग : लोकसभा 2009 में कांग्रेस प्रत्याशी पीएल पुनिया के सामने ताल ठोकने वाले भाजपा प्रत्याशी राम नरेश रावत को 47, 660 मत मिले थे जो कुल मतदान का मात्र 6.41 प्रतिशत था। जिसके चलते उनकी जमानत भी जब्त हो गयी थी। लेकिन मोदी की लहर ने भाजपा में ऐसी जान झोंकी कि 6.41 प्रतिशत पाने वाली भाजपा ने 42.87 प्रतिशत मत हासिल कर रिकार्ड जीत हासिल की है।