व्यापारी का अपहरण कर मांगी फिरौती, आरोपी वकील गिरफ्तार
बाराबंकी : महिला मुंशी के जरिए एक व्यापारी को कार सहित अपहरण कर अधिवक्ता ने अपने चैंबर में बंधक बना
बाराबंकी : महिला मुंशी के जरिए एक व्यापारी को कार सहित अपहरण कर अधिवक्ता ने अपने चैंबर में बंधक बना लिया। वकील ने व्यापारी के परिवारीजनों से फिरौती के तौर पर दो लाख की मांग की, लेकिन भुक्तभोगी किसी प्रकार आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहा। फिरौती की रकम देने के नाम पर परिवारीजनों ने आरोपी वकील को गिरफ्तार भी करा दिया। पुलिस ने अधिवक्ता सहित छह पर मुकदमा दर्ज किया है। उधर जिला बार एसोसिएशन ने आरोपी वकील का चैंबर सीज कर उसके बार में प्रवेश पर रोक लगा दी है।
कोतवाली नगर अंतर्गत गल्लामंडी निवासी गल्ला व्यापारी कमलेश गुप्ता ने बताया कि वह 25 जनवरी की दोपहर पड़ोस में रहने वाली युवती का पल्हरी चौराहे पर कार में लिफ्ट दी थी। पूर्व से परिचित इस लड़की के साथ वह हाईवे पर जा रहा था। तभी शुक्लाई हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने उसकी कार को ओवर टेक कर रोक लिया। जिसमें उतरे वकील विवेक श्रीवास्तव पुत्र गया प्रसाद श्रीवास्तव निवासी सत्यप्रेमी नगर उसकी कार में बैठे और स्वयं को एसओजी का पुलिस कर्मी बताया। इसके उपरांत उसे कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित वकीलों के चैंबर नंबर आठ में ले जाकर बंधक बना लिया गया। पत्नी व भाई बृजेश से हुई मोबाइल पर बात करके वकील ने दो लाख रुपये फिरौती मांगी। अपहरणकर्ता मोबाइल पर बात करने के दौरान अपनी लोकेशन लखनऊ बता रहे थे। इस दौरान कमलेश को पीटा भी गया। अब शाम करीब सात बज चुके थे। कमलेश ने बताया कि वह किसी प्रकार वहां से भागने में सफल रहा। हाईवे पर जा रही रोडवेज बस से वह नाका पर उतरकर अपने घर पहुंचा और परिवारीजनों के साथ कोतवाली नगर पहुंचा। पुलिस ने चतुराई दिखाते हुए अपहरणकर्ता से कमलेश के भतीजे हिमांशु से बात जारी रखवाई। वहीं फिरौती रकम देने के बहाने अपहरणकर्ता को कलेक्ट्रेट गेट पर रात करीब एक बजे रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कमलेश की तहरीर पर वकील को नामजद करते हुए पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सिटी ने बताया कि वकील को नोटिस देकर थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र ¨सह ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय के बाद विवेक श्रीवास्तव को बार से निष्कासित कर दिया गया है। उनका चैंबर जहां से अवैधानिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना है उसे सीज कर दिया गया है। अग्रिम निर्णय तक आरोपी का बार में प्रवेश रोक दिया गया है। वहीं महिला मुंशी को भी हटाने की बात चल रही है।
कार हथियाने का प्रयास : कमलेश ने बताया कि बंधक के दौरान वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने उसकी कार को भी हथियाने का प्रयास किया था। उसने कार को बेचने की रसीद लिखवाने की बात कही थी और कार के सारे कागज भी देखे थे। फिलहाल यह कार अब पुलिस के कब्जे में है।