गांधी जयंती ट्रस्ट ने पालिका बोर्ड का प्रस्ताव ठुकराया
बाराबंकी : नगर पालिका परिसर में गांधी जयंती समारोह आयोजित करने की अनुमति का मामला गहराता जा रहा है। पालिका अध्यक्ष द्वारा शनिवार को बुलाई गई बोर्ड की आकस्मिक बैठक में समारोह के लिए नगर पालिका के पीछे का स्थान आवंटित करने पर सहमति बनी। आगे का स्थान यूथ्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा समारोह के लिए आरक्षित रहेगा। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने बोर्ड के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उन्होंने राज्यपाल से मिलकर उन्हें स्थिति की जानकारी दी तथा समारोह में राज्यपाल को आमंत्रित कर जिला प्रशासन के लिए मुसीबत बढ़ा दी।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा के मुताबिक वह शनिवार को ट्रस्ट के सहयोगी आनंद नारायण मिश्रा, पाटेश्वरी प्रसाद, धनंजय शर्मा व उमानाथ यादव के साथ राज्यपाल राम नाइक से मिले थे। उन्हें अस्पृश्यता निवारण के लिए आयोजित सहभोज व सामाजिक सहभागिता व सम्मान समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने ट्रस्ट अध्यक्ष से सम्मिलित होने वाले अतिथियों के बारे में जानकारी ली तथा समारोह में शामिल होने की संभावना जताई। शर्मा ने उन्हें बताया कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के साथ नैनी कारागार में बंद रहे तथा हिंदी आंदोलन के साथ-साथ डॉ. राममनोहर लोहिया व दीनदयाल उपाध्याय द्वारा भारत पाकिस्तान का महासंघ बनाने के आंदोलन को भी आगे बढ़ाया है।
इस बीच नगर पालिका अध्यक्ष रंजीत बहादुर श्रीवास्तव ने गांधी जयंती के राष्ट्रीय पर्व पर होने वाले सामयिक कार्यक्रमों के लिए गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट द्वारा मैदान आरक्षित करने के संदर्भ में नगर पालिका बोर्ड की बैठक बुलाई। बैठक में सभासदों ने सर्व सम्मति से तय किया कि दुर्गा पूजा व गांधी जयंती समारोह के आयोजन के लिए ट्रस्ट को नगर पालिका प्रांगण के पीछे का भाग आवंटित कर दिया जाए। इस बैठक में बोर्ड के 21 सदस्य मौजूद थे। बैठक में यह भी तय किया गया कि यूथ्स एसोसिएशन का आरक्षण बरकरार रहेगा।