शत प्रतिशत मतदान पर जनसामान्य भी गंभीर
बाराबंकी : मजबूत लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति गंभीर होना नितांत आवश्यक है। इस सोच ने सार्थक रूप लेना शुरू कर दिया है। नन्हें-मुन्नों के जागरूकता प्रयास व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रयास के साथ चुनावों में मतों के प्रतिशत बढ़ने की खबरों ने भी सो रहे समाज को जैसे नींद से जगा दिया हो। पूरे जिले में पार्टी प्रचार से विलग लोगों ने मत जरूर दें का प्रचार जोर शोर से शुरू कर दिया है।
शहर के सरावगी स्थित तुलसीराम स्मारक विद्यालय से नन्हे-मुन्नों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। रैली का शुभारंभ समाजसेवी एडवोकेट प्रशांत कुमार मिश्र ने किया। धीरे-धीरे इस रैली में कई गणमान्य लोगों ने शामिल होकर जागरूकता अभियान को घर-घर पहुंचाने का प्रयास किया। सुरेंद्र नाथ मिश्र, राजेश कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्या शाहिदा बानो आदि शामिल रहे। गोकुल नगर में वहां के निवासियों रविंद्र मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, हाकिम सिंह, गुडडू मिश्रा, प्रताप यादव, राम झरोखे ने घर-घर जाकर लोगों को मताधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास जनसंपर्क कर किया। बंकी संवादसूत्र अनुसार कस्बे में निवासियों को मत देने के प्रति जागरूक करने के लिए चेयरमैन अंशू सिंह चौहान ने दौरा कर कई जगह नुक्कड़ सभा की। इस मौके पर श्याम सिंह चौहान, रवि सिंह, संजय श्रीवास्तव, मास्टर इरफान ने विभिन्न वार्डो में घर-घर जाकर लोगों से जनसंपर्क भी किया।
न नशे न नोट से, किस्मत बदलेगी वोट से : भिलवल : शिक्षा क्षेत्र त्रिवेदीगंज स्थित पंडितपुरवा के जयभारत स्कूल के बच्चों ने मतदाताओं को वोट के लिए प्रेरित करने के लिए गांवों की विभिन्न गलियों में जागरूकता रैली निकाली। जिसमें एक से एक नारों ने ऐसा समा बांधा कि देर रात तक रैली में बोले नारे लोगों की जुबान पर रहे। जिसमें मुख्य रूप से, 'न नशे न नोट से किस्मत बदलेगी वोट से', 'मम्मी पापा काम छोड़ो चलो चलें मतदान करें', 'बनो देश के भाग्य विधाता, अब जागो प्यारे मतदाता' आदि नारे चर्चा का विषय बने रहे।