मोदी को कातिल कह बेनी फंसे
बाराबंकी: केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा को उनके बड़बोले शब्द भारी पड़ सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के लिए घोषित उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को कातिल कहने पर उनके खिलाफ तहरीर दी गई है। ये बयान सार्वजनिक होने से भाजपाइयों में आक्रोश भी है। रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ने मोदी पर विवादित बयान देने के आरोप में केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता बेनी प्रसाद वर्मा को आड़े हाथों लिया। साथ ही उनके खिलाफ बाराबंकी के नगर कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। 19 अपै्रल को टीवी चैनलों पर दिए गए बयानों में सार्वजनिक रूप से वर्मा ने भाजपा नेता नरेंद्र मोदी को कातिल कहा था। भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई के उपाध्यक्ष मनोज कुमार कुरील ने कोतवाली नगर में बेनी प्रसाद वर्मा के खिलाफ तहरीर देकर छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने इस मामले में वर्मा के खिलाफ विधिक कार्रवाई की बात कही। प्रभारी निरीक्षक रामपाल ने बताया कि तहरीर की जांच हो रही है।