भाजपा उम्मीदवार प्रियंका बेहोश, मची अफरातफरी
नई सड़क (बाराबंकी): क्षेत्र के लाखूपुर में बुधवार को दोपहर बाद नुक्कड़ सभा में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार प्रियंका सिंह रावत अचानक बेहोश हो गई। आकस्मिक रूप से हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। जिस स्थान पर सियासी कार्यक्रम सुनिश्चित था वहां भी अफरातफरी मच गई। बाद में उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष शरद अवस्थी ने बताया कि प्रियंका रावत का लखनऊ में डॉ. आरएस गुप्ता द्वारा इलाज किया जा रहा है। वह तीन दिन से सोई नहीं थीं। आज सुबह से उन्होंने कुछ खाया भी नहीं था। जिससे उन्हें डिहाइड्रेशन हो गया। डॉ. गुप्ता उन्हें आराम करने तथा भरपूर नींद लेने की सलाह दी है। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। उनके पति की देखरेख में लखनऊ में डॉ. गुप्ता की क्लीनिक पर ही उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि भाजपा प्रत्याशी की आज क्षेत्र के सैदनपुर, कमालापुर, कुम्हरावां, नसीरपुर, लाखूपुर, चकतारा व असंद्रा आदि स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं होनी थी। दोपहर बाद वह लाखूपुर में नुक्कड़ को संबोधित कर रही थीं। जहां उनके साथ यह हादसा हुआ। तबियत खराब होने के कारण वह आगे के कार्यक्रमों में नहीं पहुंच पाई।