'तमंचे वाली प्रेमिका' ने दूल्हे को अगवाकर उसी रात कर ली थी शादी
बरात से दूल्हे को तमंचे के दम पर दूल्हे को उठा ले जाने वाली प्रेमिका ने उसी रात युवक से शादी कर ली थी। इस मौके पर दूल्हे के चाचा ने आशीर्वाद भी दिया था।
बांदा (जेएनएन)। 'तमंचे वाली प्रेमिका' और अशोक के बीच आठ साल से प्रेम संबंध थे लेकिन परिवारीजन के दबाव में अशोक ने उसे धोखा दे दिया। प्रेमिका को यह नागवार गुजरा। उसने उसी दिन अशोक से शादी करने की ठानी और उसे भरी बरात से तमंचे के बल पर अगवा कर लिया। दोनों ने गांव के पास सिमरियादाई मंदिर में रात तीन बजे शादी की। प्रेमिका का दावा है कि इस दौरान मौजूद अशोक के चाचा ने आशीर्वाद भी दिया।
यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल सीमा में छह किमी भीतर तक घुसे छह संदिग्ध पकड़े गए
बीते सोमवार को बांदा के मटौध थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी अशोक की बरात भवानीपुर गांव (मौदहा हमीरपुर) आई थी। प्रेमी अशोक की शादी होने की भनक लगते ही प्रेमिका रात डेढ़ बजे बांदा निवासी दोस्त के साथ बाइक से भवानीपुर पहुंची। उस समय दुल्हन के घर पर चढ़ावा का कार्यक्रम चल रहा था। दूल्हा अपने दोस्तों के साथ जनवासे में था।
प्रेमिका ने बताया कि प्रेमी के सिर पर सेहरा देख उसने तमंचा उसकी कनपटी पर सटा दिया। इसके बाद उसे गाड़ी में बिठाकर वहां से अगवा कर लिया। सूचना पर हमीरपुर व बांदा पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम छह बजे प्रेमिका को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसी दिन रात नौ बजे प्रेमिका के दोस्त के घर से दूल्हा अशोक को भी पकड़ा। मौदहा पुलिस बांदा पहुंची और दबंग प्रेमिका, उसके मित्र, मां व दूल्हा अशोक को कोतवाली ले आई थी।
यह भी पढ़ें: योगी की चेतावनीः अपराधियों को ठेकेदारी कराने वालों की खैर नहीं
अशोक को कभी छोड़ नहीं सकती
मौदहा कोतवाली में पुलिस की पूछताछ में बांदा निवासी प्रेमिका ने बताया कि अशोक उसको धोखा देना चाहता था। वह अशोक को कभी छोड़ नहीं सकती। उसने उसके साथ आठ वर्ष गुजारे हैं। उसने बताया कि शादी करने के बाद दोनों अशोक के घर मोहनपुरवा गए। वहां रुकने के बाद मंगलवार तड़के बाइक से अशोक को लेकर बांदा आ गई। अशोक उसके दोस्त राहुल के घर में रुका था और वह अपने घर चली गई। पुलिस को 'तमंचे वाली प्रेमिका' ने बताया कि प्रेमी दूल्हे ने उसे गुमराह किया था कि उसकी नहीं बल्कि छोटे भाई की शादी है। प्रेमिका को शक हुआ तो वह रात में सच्चाई जानने को अपने दोस्त की बाइक से विवाह स्थल पहुंच गई। प्रेमी के सिर पर सेहरा देख वह आपा खो बैठी।
यह भी पढ़ें:उत्तर प्रदेश में 67 आइपीएस अफसरों का तबादला
प्रेमी बुजदिल, फूट-फूटकर रोया
मौदहा कोतवाली में प्रेमिका चीख-चीख कर यही कह रही थी कि उसका प्रेमी बुजदिल है। वह अशोक से कह रही थी कि डरते हो तो फिर प्यार ही क्यों किया। उसकी जिंदगी बर्बाद करने के बाद दूसरे के साथ घर बसाना चाहते हो, ऐसा वह होने नहीं देगी। हम दोनों के रिश्ते की हकीकत सबको बताओ वहीं अशोक के मुंह से आवाज नहीं निकल रही थी। कुछ पूछने पर वह फूट-फूटकर रोने लगा और कहता रहा कि लड़की जो कह रही, सब झूठ है।
यह भी पढ़ें: आइएएस की मौत मामले में यूपी और कर्नाटक की टीमें करेंगी अलग-अलग जांच