अन्ना जानवरों से पीड़ित किसानों ने प्रदर्शन किया
बबेरू संवाद सहयोगी : आवारा मवेशियों से परेशान ग्रामीणों ने प्रधान केशव प्रसाद प्रजापति के नेतृत्व मे
बबेरू संवाद सहयोगी : आवारा मवेशियों से परेशान ग्रामीणों ने प्रधान केशव प्रसाद प्रजापति के नेतृत्व में स्लोगन लिखे नारों के साथ प्रदर्शन किया। फसल की सुरक्षा करो, अपने जानवर बांध लो, सरकार गौशाला की व्यवस्था करें, अन्ना प्रथा बंद करें के नारे लगाते हुए जुलूस निकाला। एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद यादव को ज्ञापन सौंपकर कहा कि अन्ना प्रथा से किसान बर्बाद हो रहा है। कड़ाके की ठंड में रतजगा कर फसलों की सुरक्षा कर रहा है। इसके बाद भी अन्ना मवेशी मौका पाते ही फसल चट कर रहे हैं। प्रधान ने कहा कि बबेरू ग्रामीण में पशु चारागाह के लिए 14 बीघा जमीन आरक्षित है। इस पर लोग अवैध कब्जा किए हैं। इसे खाली कराकर पशु चारागाह बनाए जाने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष सूर्यपाल यादव ने किसानों से कहा कि दंगल मैदान में पशुबाड़ा बना दिया जाए। इसकी देखरेख के लिए दो किसानों के साथ-साथ नगर पंचायत के कर्मचारी लगाए जाएंगे। किसानों प्रशासन से भूसा देने की मांग की है। इस दौरान केशव प्रसाद प्रजापति, पप्पू खान, लालमुहम्मद, मनोज, लालबहादुर, शिवकरन आदि मौजूद रहे।