कृषि अनुदान वितरण को मांगे 30 करोड़
बांदा, जागरण संवाददाता : अतिवृष्टि से प्रभावित 54 हजार 608 किसान मुआवजा राशि पाने से वंचित रह गए हैं
बांदा, जागरण संवाददाता : अतिवृष्टि से प्रभावित 54 हजार 608 किसान मुआवजा राशि पाने से वंचित रह गए हैं। शासन द्वारा दी गई कृषि अनुदान राशि खत्म हो गई हैं। जिला प्रशासन ने शासन से तीस करोड़ की धनराशि और दिए जाने की मांग की हैं।
फरवरी व मार्च माह मे अतिवृष्टि से जिले के 3 लाख 26 हजार 884 किसान प्रभावित हुए थे। जिला प्रशासन ने शासन से किसानों के बीच मुआवजा राशि वितरण के लिए 2 अरब की धनराशि दिए जाने की मांग की थी। जिसके सापेक्ष शासन से जिले को अभी तक करीब 1 अरब 23 करोड़ 88 लाख 7 हजार की धनराशि प्राप्त हुई हैं। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि शासन द्वारा प्राप्त धनराशि तहसील बांदा मे 58342 किसानों को 29 करोड 30 लाख, बबेरू मे 58260 किसानों को 26 करोड 80 लाख, नरैनी मे 56952 किसानों को 25 करोड़ 33 लाख 7 हजार, अतर्रा मे 52819 को 25 करोड़ 20 लाख, पैलानी में 42022 को 11 करोड 25 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं। शेष 54 हजार 608 किसानों को मुआवजा वितरण लिए तीस करोड़ की मांग की गई हैं। प्रशासनिक अधिकारी व दैवीय आपदा लिपिक भार्गव का कहना है कि मांग पत्र जिलाधिकारी की ओर से शासन को भेजा जा चुका हैं। उम्मीद है कि जल्द पैसा आएगा। जिसे शेष किसानों का वितरण के लिए तहसीलों को सौंप दिया जाएगा।