एक दिन में बिके 1 करोड़ के बर्तन-जेवर और बाइकें
बांदा, जागरण संवाददाता : धनतेरस की खरीद लोगों ने सुबह से शुरू कर दी थी। देर रात तक शहर में अनुमान के
बांदा, जागरण संवाददाता : धनतेरस की खरीद लोगों ने सुबह से शुरू कर दी थी। देर रात तक शहर में अनुमान के मुताबिक करीब एक करोड़ रुपये की खरीदारी की गयी। इस दौरान बाइकों और ट्रैक्टरों के शोरूम पर भी भारी भीड़ रही।
धनतेरस के दिन से दीपावली की शुरुआत मानी जाती है। इस दिन लोग सुबह से गणेश-लक्ष्मी व दीयों की खरीददारी कर अपने घरों में लाते हैं। धन्वंतरि पूजा के पश्चात धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन आदि की खरीदकर लोग धनधान्य से परिपूर्ण होने की कामना करते हैं। इन्हीं मूर्तियों का दीपावली के दिन पूजन किया जाता है। शहर के मुख्य बाजार सहित किनारे की दुकानों में भी विशेष साज-सज्जा की गई थी। जहां शहर व क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर खरीददारी की। सर्राफा दुकानों में जहां देर रात तक भीड़ रही वहीं बर्तनों की दुकान में तो मानो तिल रखने की जगह ही नहीं बची। अनुमान लगाया जाता है कि लगभग एक करोड की बिक्री हुई है। कई लोगों ने ट्रैक्टर और बाइकें भी खरीदीं।
अतर्रा संवाद सहयोगी के अनुसार धनतेरस के अवसर पर नगर के सर्राफा एवं बर्तनों की दुकानों में खरीददारों की खासी भीड़ रही। इलेक्ट्रिक वस्तुओं और दीपावली त्यौहार पर पूजन के लिए गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की भी खरीददारी लोगों द्वारा की जाती रही।
कमासिन संवाद सूत्र के अनुसार स्थानीय सर्राफा व बर्तन की दुकानों में सुबह से खूब बिक्री हुई। कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने परंपरागत सामान खरीदे।